राम मंदिर दान चोरी मामले में बड़ा अपडेट, चंपत राय और अनिल मिश्रा के इस्तीफे की पुष्टि; ट्रस्ट का बड़ा बयान
NEWS DESK : श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र (न्यास) ने दान चोरी मामले में चंपत राय और अनिल मिश्रा के इस्तीफे की पुष्टि कर दी है. न्यास ने स्पष्ट किया है कि आगामी बैठक में इन दोनों प्रमुख पदाधिकारियों के इस्तीफे पर विस्तार से विचार किया जाएगा.
राम मंदिर ट्रस्ट की ओर से जानकारी देते हुए बताया गया कि मंदिर के दान चोरी मामले में ट्रस्ट की शिकायत पर ही उत्तर प्रदेश शासन द्वारा एक विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया गया था. एसआईटी द्वारा सौंपी गई अंतरिम रिपोर्ट को आधार बनाकर ट्रस्ट ने ही इस मामले में पहला एफआईआर दर्ज कराया. ट्रस्ट के कोषाध्यक्ष स्वामी गोविंददेव गिरि द्वारा जारी प्रेस रिलीज में पिछले कई दिनों से रामलला के मंदिर में मचे बवाल पर खेद जताया गया. उन्होंने कहा कि दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है.
श्रद्धालुओं के दान पर ट्रस्ट ने सफाई देते हुए इस पूरे घटनाक्रम पर गहरा दुख और स्तब्धता व्यक्त किया. न्यास के कोषाध्यक्ष गोविंददेव गिरि ने देश-विदेश के करोड़ों रामभक्तों को आश्वस्त किया है कि जिन श्रद्धालुओं ने प्रभु श्रीराम की सेवा में चांदी की ईंटें, बहुमूल्य आभूषण या अन्य सामग्रियां व्यक्तिगत रूप से न्यास के अधिकारियों को सौंपी थीं, वे सभी वस्तुएं पूरी तरह सुरक्षित हैं. न्यास के पास उनका पूरा हिसाब-किताब मौजूद है.
सनातन धर्म को बदनाम करने की कोशिश
गोविंददेव गिरि ने कहा कि सनातन धर्म के खिलाफ साजिश को विफल कर दिया गया है. उनके द्वारा जारी प्रेस रिलीज में रामभक्तों से अपील की गई है कि वे सोशल मीडिया और अन्य माध्यमों पर प्रसारित हो रही भ्रामक और निराधार अफवाहों से बचें और दूसरों को भी इसका शिकार न होने दें.
स्वामी गोविंददेव गिरि ने कहा कि कुछ असामाजिक, अधार्मिक और स्वार्थी तत्व इस घटना की आड़ में सनातन धर्म पर लांछन लगाने का प्रयास कर रहे हैं, जिसे किसी भी कीमत पर सफल नहीं होने दिया जाएगा. अपराधियों को कानून के तहत कड़ी से कड़ी सजा दिलाई जाएगी. उन्होंने विश्वास जताया कि ‘ये बादल छटेंगे, अंधेरा हटेगा और सत्य-सूर्य का प्रकाश होगा.’
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0











