BIG NEWS : लाल किले को मिली बम से उड़ाने की धमकी, मच गया हड़कंप, बढ़ाई गई सुरक्षा

Jul 11, 2026 - 18:24
BIG NEWS : लाल किले को मिली बम से उड़ाने की धमकी, मच गया हड़कंप, बढ़ाई गई सुरक्षा

NEW DELHI : देश की राजधानी दिल्ली स्थित ऐतिहासिक लाल किले को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद सुरक्षा एजेंसियों में हड़कंप मच गया. सूचना मिलते ही दिल्ली पुलिस ने पूरे लाल किला परिसर और आसपास के इलाके में व्यापक तलाशी अभियान चलाया. कई घंटों तक चले सघन जांच के दौरान कोई संदिग्ध वस्तु या विस्फोटक सामग्री नहीं मिली, जिसके बाद राहत की सांस ली गई. फिलहाल पुलिस धमकी देने वाले व्यक्ति की पहचान और उसके मकसद का पता लगाने में जुटी है.

मुंबई पुलिस कंट्रोल रूम में आया धमकी भरा कॉल

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, धमकी भरा कॉल सबसे पहले मुंबई पुलिस कंट्रोल रूम में आया था. कॉल करने वाले ने दावा किया कि लाल किले को बम से उड़ाया जाएगा. सूचना को गंभीरता से लेते हुए मुंबई पुलिस ने तुरंत दिल्ली पुलिस कंट्रोल रूम को अलर्ट भेजा. इसके बाद उत्तरी जिला पुलिस और अन्य सुरक्षा एजेंसियों ने तत्काल सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी.

लाल किले के पूरे परिसर की बारीकी से हुई जांच

सूचना मिलते ही बम निरोधक दस्ता, डॉग स्क्वायड और स्थानीय पुलिस की टीमों ने लाल किले के पूरे परिसर की बारीकी से जांच की. स्मारक के प्रवेश द्वारों, पर्यटक क्षेत्रों और आसपास के संवेदनशील स्थानों की तलाशी ली गई. जांच पूरी होने के बाद किसी भी प्रकार का विस्फोटक या संदिग्ध सामान नहीं मिला. इसके बाद पुलिस ने शुरुआती जांच में इस धमकी को फर्जी माना, लेकिन मामले को गंभीरता से लेते हुए कॉल करने वाले की तलाश शुरू कर दी है.

धमकी भरे कॉल की तकनीकी जांच जारी

पुलिस अब कॉल की तकनीकी जांच कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि कॉल किस नंबर और किस स्थान से की गई थी. साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि धमकी के पीछे किसी तरह की शरारत, अफवाह फैलाने की कोशिश या कोई अन्य साजिश तो नहीं है.

2025 में हुए विस्फोट के बाद धमकी को लेकर सुरक्षा एजेंसियां हाई अलर्ट पर: गौरतलब है कि लाल किला देश के सबसे संवेदनशील और महत्वपूर्ण ऐतिहासिक स्थलों में शामिल है. अतीत में भी इस स्मारक को कई बार बम से उड़ाने की धमकियां मिल चुकी हैं, जिनकी जांच के बाद वे फर्जी साबित हुई थीं. 

लाल किला मेट्रो स्टेशन के पास वर्ष 2025 में हुए भीषण विस्फोट के बाद इस तरह की हर धमकी को सुरक्षा एजेंसियां बेहद गंभीरता से ले रही हैं. इसी कारण इस बार भी बिना कोई जोखिम उठाए पूरे परिसर की गहन तलाशी ली गई और सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत कर दिया गया है

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0