कोरोना से बचाव के लिए सामूहिक सहभागिता जरूरी : अशोक कुमार सिंह
बख्तियारपुर (पटना) : जाने-माने समाजसेवी और भाजपा के वरिष्ठ नेता अशोक कुमार सिंह ने कहा है कि वैश्विक महामारी कोरोना से बचाव के लिए सामूहिक सहभागिता जरूरी है। कोविड-19 से बचाव के मद्देनजर सरकारी स्तर पर जारी दिशा-निर्देशों के अनुपालन के अलावा गैर सरकारी स्तर पर भी व्यापक जन जागरूकता चलाए जाने की आवश्यकता है। श्री सिंह ने कहा कि विभिन्न स्तरों पर बरती जा रही लापरवाही के कारण कोरोना का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है। इसके लिए विशेष सतर्कता बरतना जरूरी है। उन्होंने कहा कि पहले कोरोना संक्रमण का फैलाव शहरी क्षेत्रों तक ही सीमित था, अब ग्रामीण क्षेत्रों में भी कोरोना की एंट्री होने लगी है। इसके लिए हमें सतर्क रहने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि घरों से निकलते वक्त आवश्यक रूप से मास्क लगाएं, निर्धारित शारीरिक दूरी (फिजिकल डिस्टेंस) का पालन करें और भीड़-भाड़ से परहेज करें। इस संबंध में जारी गाइडलाइन के अनुपालन से कोरोना से बचाव संभव है। उन्होंने कहा कि बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने वैश्विक आपदा के समय दूरदर्शिता का परिचय देते हुए राज्य में फिर से लॉकडाउन जारी कर कोरोना से बचाव की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया है। विगत दिनों केंद्रीय मंत्री व पटना साहिब से सांसद रविशंकर प्रसाद ने भी अपने संसदीय क्षेत्र अंतर्गत विभिन्न क्षेत्रों का जायजा लिया और भाजपा के वरिष्ठ नेताओं से क्षेत्र में कोरोना संक्रमण का फैलाव रोकने के लिए कार्यकर्ताओं को निर्देशित किया। उन्होंने कहा कि वैश्विक आपदा के समय हम सबों की सामूहिक जिम्मेवारी भी है कि सरकार द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का अक्षरश: पालन करें, तभी हम कोरोना पर काबू पा सकते हैं। कोरोना के खिलाफ जारी जंग में बख्तियारपुर प्रखंड अंतर्गत करनौती ग्राम की युवतियों द्वारा मास्क बनाकर लोगों के बीच बांटे जाने के कार्यों की उन्होंने सराहना की। श्री सिंह ने युवक-युवतियों का उत्साहवर्द्धन करते हुए उन्हें कोरोना से बचाव के लिए व्यापक पैमाने पर जन-जागरूकता अभियान चलाने के लिए भी प्रेरित किया। श्री सिंह ने कहा कि वर्तमान समय में मानव समुदाय विषम परिस्थितियों से जूझ रहा है। कोरोना ने संपूर्ण मानव जीवन की लय को छिन्न-भिन्न करके रख दिया है। यह महामारी मानव समुदाय के समक्ष गंभीर चुनौती बनी हुई है। उन्होंने कहा कि इस आपदा के समय हम सतर्कता बरतते हुए ही वैश्विक महामारी कोरोना को शिकस्त दे सकते हैं।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0











