एक्शन में CM नीतीश, दानापुर-बिहटा एलिवेटेड रोड का किया निरीक्षण, अधिकारियों को दिया ये निर्देश 

अधिकारियों की बातें सुनने के बाद सीएम नीतीश ने कार्य में तेजी लाने और निर्माण कार्य में गुणवत्ता का ख्याल रखने का निर्देश दिया।

Apr 4, 2026 - 18:11
एक्शन में CM नीतीश, दानापुर-बिहटा एलिवेटेड रोड का किया निरीक्षण, अधिकारियों को दिया ये निर्देश 

PATNA : मुख्यमंत्री नीतीश कुमार लगातार विकास योजनाओं का निरीक्षण कर रहे हैं। इस क्रम में वो आज शनिवार को पटना के दानापुर-बिहटा एलिवेटेड रोड का निरीक्षण करने पहुंच गये। इस दौरान कन्हौली के पास निर्माण स्थल पर पहुंचकर उन्होंने कार्य की प्रगति का जायजा लिया और मौके पर मौजूद अधिकारियों को समय पर काम पूरा करने का निर्देश दिया। वही निर्माण कार्य में गुणवत्ता पर ध्यान देने की भी बात कही। 

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के निरीक्षण के दौरान मौके पर मंत्री विजय चौधरी, पटना के डीएम डॉ. त्यागराजन एसएम, दीपक कुमार, कुमार रवि, चंद्रशेखर सिंह, सीगल कंपनी के अधिकारी भी मौजूद थे। कंपनी के अधिकारियों ने निर्माण कार्य की वर्तमान स्थिति से मुख्यमंत्री को अवगत कराया। अधिकारियों की बातें सुनने के बाद सीएम नीतीश ने कार्य में तेजी लाने और निर्माण कार्य में गुणवत्ता का ख्याल रखने का निर्देश दिया। सीएम नीतीश ने कहा कि इस प्रोजेक्ट से लाखों लोगों को लाभ होने वाला है। लोगों को अब भीषण जाम की समस्या से मुक्ति मिलेगी और पटना से बिहटा आने समय की बचत होगी।

बता दें कि NH-922 पर बन रहा निर्माणाधीन दानापुर-बिहटा एलिवेटेड कॉरिडोर करीब 25 किमी लंबा एक महत्वपूर्ण 4-लेन प्रोजेक्ट है, जो पटना को बिहटा हवाई अड्डे से जोड़ेगा। इसकी लागत 1969 करोड़ रुपये से अधिक है। सितंबर 2026 तक इसके बनने की संभावना जतायी जा रही है। यह 14.5 किमी का लंबा फ्लाइओवर है, जो पूर्वी भारत का सबसे लंबा एलिवेटेड रोड माना जा रहा है, इसके बन जाने से इलाके में विकास की गति तेज होगी और यहां लगने वाली भीषण जाम से लोगों को राहत मिलेगी।

दानापुर रेलवे स्टेशन और शिवाला चौक से होकर यह कॉरिडोर सीधे बिहटा हवाई अड्डे तक जाएगा, जिससे कोईलवर तक की कनेक्टिविटी बेहतर होगी। बिहटा एयरफोर्स स्टेशन के पास सिविल एन्क्लेव में वाहनों के प्रवेश के लिए 600 मीटर लंबी सुरंग भी बनेगा। इस प्रोजेक्ट के बन जाने से पटना IIT, पटना NIT और निर्माणाधीन बिहटा हवाई अड्डा आना आसान हो जाएगा साथ ही पटना और उसके पश्चिमी हिस्सों के बीच की दूरी कम हो जाएगी।

इस प्रोजेक्ट के अंतर्गत दानापुर, शिवाला मोड़, बिहटा हवाई अड्डा लिंक और बिहटा-सरमेरा बाईपास पर रैंप बनाए जाएंगे। इस एलिवेटेड रोड के पूरा होने के बाद दिल्ली से पटना की कनेक्टिविटी भी सुगम हो जाएगी। 

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0