संविधान दिवस पर एनसीसी कैडेटों ने लिया राष्ट्र की एकता और संविधान की रक्षा का संकल्प

कर्नल पंकज कुमार ने कहा संविधान केवल किताब नहीं, हर भारतीय की आत्मा है; अनुशासन और राष्ट्रसेवा को जीवन में अपनाएं

Nov 26, 2026 - 16:50
संविधान दिवस पर एनसीसी कैडेटों ने लिया राष्ट्र की एकता और संविधान की रक्षा का संकल्प

गयाजी। संविधान दिवस के अवसर पर 6 बिहार बटालियन एनसीसी की ओर से गयाजी के विभिन्न स्कूलों एवं कॉलेजों में भव्य कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इस दौरान पूरा परिसर ‘हम भारत के लोग’ के नारों से गूंज उठा और विद्यार्थियों में देशभक्ति का उत्साह देखने को मिला। कार्यक्रम में 6 बिहार बटालियन एनसीसी के कमांडिंग ऑफिसर कर्नल पंकज कुमार (कीर्ति चक्र) मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उनके साथ सूबेदार अरविंद शर्मा, बटालियन के अन्य अधिकारी, शिक्षकगण और बड़ी संख्या में विद्यार्थी मौजूद रहे। कार्यक्रम का विशेष आकर्षण विद्यार्थी एवं एनसीसी कैडेट आकांक्षा और नंदिनी का प्रभावशाली मंच संचालन रहा। दोनों ने अपने आत्मविश्वास और दमदार प्रस्तुति से संविधान की प्रस्तावना, मौलिक अधिकारों एवं कर्तव्यों को रोचक अंदाज में प्रस्तुत किया। वहीं, कैडेटों ने भाषण, वाद-विवाद और संविधान की प्रस्तावना पर आधारित लघु नाटिका के माध्यम से सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया। अपने संबोधन में कर्नल पंकज कुमार ने कहा कि संविधान केवल एक किताब नहीं, बल्कि हर भारतीय की आत्मा है। यह हमें अधिकारों के साथ कर्तव्यों का भी बोध कराता है। उन्होंने कैडेटों से अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और राष्ट्रसेवा की भावना को अपने जीवन में आत्मसात करने का आह्वान किया। उन्होंने शानदार मंच संचालन के लिए आकांक्षा और नंदिनी की विशेष रूप से सराहना की। कार्यक्रम का समापन धन्यवाद ज्ञापन और एनसीसी गीत के साथ हुआ। अंत में उपस्थित सभी लोगों ने संविधान की रक्षा, राष्ट्रीय एकता और अखंडता बनाए रखने की शपथ ली।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0