BIG NEWS : बिहार को मिलेगी बड़ी सौगात, यहां लगेगा 800 मेगावाट का नया थर्मल पावर प्लांट, पहली बार बनेगा बैटरी स्टोरेज सिस्टम

Jun 28, 2026 - 15:36
BIG NEWS : बिहार को मिलेगी बड़ी सौगात, यहां लगेगा 800 मेगावाट का नया थर्मल पावर प्लांट, पहली बार बनेगा बैटरी स्टोरेज सिस्टम

BEGUSARAI : बिहार के बरौनी में 800 मेगावाट क्षमता वाली एक नई और आधुनिक थर्मल बिजली यूनिट लगाने की तैयारी चल रही है. यह यूनिट अल्ट्रा सुपर क्रिटिकल तकनीक पर आधारित होगी. इस नए प्लांट को लगाने के लिए जमीन की कोई कमी नहीं है. 

बरौनी में जो पुराना थर्मल पावर प्लांट अब बंद हो चुका है. उसी खाली जमीन का इस्तेमाल इस नए प्रोजेक्ट के लिए किया जाएगा. फिलहाल इसकी फिजिबिलिटी रिपोर्ट पर काम हो रहा है. ऊर्जा मंत्रालय से मंजूरी मिलते ही इस काम में तेजी आ जाएगी.

बिहार में पहली बार लगेगा बैटरी स्टोरेज सिस्टम

इस नये बिजली प्लांट के साथ बरौनी में एक बड़ा बैटरी स्टोरेज यूनिट भी बनाया जाएगा. एनटीपीसी बिहार में पहली बार इस तरह के सिस्टम पर काम करने जा रही है. इस तकनीक का सबसे बड़ा फायदा यह होगा कि जब राज्य में बिजली की मांग सबसे ज्यादा होगी, तब इस बैटरी में स्टोर की गई बिजली का इस्तेमाल किया जा सकेगा. अभी पूरे बिहार में एनटीपीसी की सिर्फ एक 800 मेगावाट वाली यूनिट है, जो औरंगाबाद के नवीनगर में है.

नई तकनीक से कोयला और पानी दोनों की होगी बचत

इस नये प्लांट में इस्तेमाल होने वाली अल्ट्रा सुपर क्रिटिकल तकनीक के कई बड़े फायदे हैं. इसमें आम पावर प्लांट के मुकाबले प्रति यूनिट बिजली बनाने में 10 से 15 फीसदी कम कोयले की जरूरत पड़ती है. कोयला कम जलने की वजह से कार्बन डाइऑक्साइड, सल्फर और नाइट्रोजन ऑक्साइड जैसी जहरीली गैसों का वातावरण में उत्सर्जन बहुत घट जाता है. इसके साथ ही इस प्लांट में पानी की भी भारी बचत होगी, जिससे पर्यावरण को नुकसान नहीं पहुंचेगा.

कहलगांव और कांटी में भी नए प्लांट पर विचार

बरौनी के अलावा एनटीपीसी आने वाले समय में कहलगांव और कांटी थर्मल पावर परिसरों में भी 800 मेगावाट की नई यूनिट्स लगाने पर विचार कर रही है. अभी वहां फिजिबिलिटी रिपोर्ट पर काम शुरू नहीं हुआ है. लेकिन कहलगांव में तीसरे चरण के तहत इस नए प्लांट को लगाने के लिए साइट सर्वे का काम पूरा हो चुका है और वहां भी पर्याप्त जमीन उपलब्ध है.

बिहार में फिलहाल कितनी बिजली बना रहा एनटीपीसी

मौजूदा समय में बिहार के भीतर एनटीपीसी की कुल छह थर्मल पावर यूनिट्स काम कर रही हैं. इन सभी को मिलाकर राज्य की कुल कमर्शियल बिजली उत्पादन क्षमता 9500 मेगावाट है. इस समय एनटीपीसी के ये चालू बिजली प्लांट बिहार के बाढ़, औरंगाबाद, बरौनी, कांटी और कहलगांव में स्थित हैं.

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0