कैंप फायर की रोशनी में गूंजा जज्बा, प्रशिक्षण के बाद विदा हुए एनसीसी कैडेट
गयाजी। 27 बिहार बटालियन एनसीसी द्वारा आयोजित दस दिवसीय संयुक्त वार्षिक प्रशिक्षण शिविर का समापन कैंप फायर के साथ हुआ। समापन समारोह में कमांडिंग ऑफिसर कर्नल भूपेश पठानिया ने कहा कि शिविर के दौरान कैडेटों को ड्रिल, हथियार प्रशिक्षण, मैप रीडिंग, टेंट पिचिंग, स्वास्थ्य एवं स्वच्छता, फील्ड क्राफ्ट और बैटल क्राफ्ट सहित विभिन्न सैन्य गतिविधियों का प्रशिक्षण दिया गया।
कैडेटों ने अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि यह उनका पहला प्रशिक्षण शिविर था। शुरुआत में मन में कई तरह के सवाल और झिझक थी, लेकिन कुछ ही दिनों में शिविर का माहौल अपना सा लगने लगा। उन्होंने कहा कि यहां उन्हें घर जैसा वातावरण मिला और प्रशिक्षण के साथ सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने भी खूब मनोरंजन किया।
इस अवसर पर सूबेदार मेजर सरदारी लाल, ऑनरेरी कैप्टन आरबी शर्मा, एनसीसी पदाधिकारी एएनओ पमपम कुमारी, मिथलेश कुमार, सुनील कुमार, संतोष झा सहित अन्य मौजूद रहे।