महंगाई के खिलाफ कांग्रेस ने चलाया हस्ताक्षर अभियान

पेट्रोलियम पदार्थों की मूल्यवृद्धि मोदी सरकार की विफलता का परिचायक : सुबोधकांत सहाय

Jun 5, 2024 - 16:38
महंगाई के खिलाफ कांग्रेस ने चलाया हस्ताक्षर अभियान


रांची। पेट्रोल-डीजल व रसोई गैस सिलेंडर की मूल्य वृद्धि के खिलाफ कांग्रेस ने सोमवार को हस्ताक्षर अभियान चलाया। इसके तहत कांग्रेस पार्टी की ओर से शहर स्थित विभिन्न पेट्रोल पंपों पर विरोध जताया गया। महंगाई के खिलाफ हस्ताक्षर अभियान को सफल बनाने के लिए कांग्रेस पार्टी के वरिष्ठ नेता, कार्यकर्ता सक्रियता से लगे रहे। हस्ताक्षर अभियान कार्यक्रम में राज्य के ग्रामीण विकास मंत्री सह विधायक दल नेता आलमगीर आलम ने कहा कि केंद्र सरकार की जनविरोधी नीतियों के कारण महंगाई बढ़ रही है। पेट्रोलियम पदार्थों की कीमतें आसमान छू रही है। इस पर केंद्र सरकार का कोई नियंत्रण नहीं रह गया है। एआईसीसी सचिव एवं विधायक दीपिका पांडे ने कहा कि केंद्र की मोदी सरकार को जनता की समस्याओं से कुछ भी लेना देना नहीं रह गया है। भाजपा के शासनकाल में कमरतोड़ महंगाई से आमजन त्रस्त है। मौके पर जेपीसीसी अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ के अध्यक्ष शकील अख्तर अंसारी ने कहा कि भाजपानीत सरकार के शासनकाल में महंगाई में बेतहाशा वृद्धि हुई है।
हस्ताक्षर अभियान के दौरान पूर्व केंद्रीय मंत्री सुबोधकांत सहाय ने मीडिया से बातचीत के क्रम में कहा की वर्तमान में भाजपा के शासनकाल में महंगाई का ग्राफ सबसे ऊपर पहुंच गया है। पेट्रोल-डीजल के बढ़ते मूल्य से जनता परेशान है। लोगों का घरेलू बजट गड़बड़ा गया है। महंगाई चरम पर पहुंच गई है। ऐसे में भाजपा को सत्ता से हटाना जरूरी हो गया है। उन्होंने कहा कि पेट्रोल-डीजल की कीमतें बढ़ने से खाद्य सामग्री सहित सभी आवश्यक वस्तुओं के मूल्य में वृद्धि हो गई है। इससे आम लोगों का बजट प्रभावित हो रहा है। इस दिशा में केंद्र सरकार का कोई ध्यान नहीं है। जनहित की समस्याओं के प्रति केंद्र की मोदी सरकार उदासीन है। ऐसा आजादी के बाद अब तक नहीं हुआ था।
हस्ताक्षर अभियान में प्रदेश कांग्रेस कमेटी के शशिभूषण राय, जगदीश साहु, अल्पसंख्यक विभाग के महानगर अध्यक्ष अख्तर अली ,उपाध्यक्ष सह संगठन प्रभारी तौकीर अख्तर गुलाम रब्बानी , सुधीर सिंह , मुन्ना पासवान, डोरंडा प्रखंड अध्यक्ष अवेश अंसारी, धुर्वा प्रखंड अध्यक्ष फिरोज अंसारी सहित अन्य कार्यकर्ता शामिल थे।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0