मोर की रंगत और आसमान में रोमांच राज्योत्सव में सारंग हेलीकॉप्टर टीम दिखाएगी हवाई करतब

राज्योत्सव 2026 में आसमान में दिखेगा रोमांच, सारंग हेलीकॉप्टर टीम के हवाई करतब बढ़ाएंगे छत्तीसगढ़ की शान

Oct 27, 2026 - 15:16
मोर की रंगत और आसमान में रोमांच राज्योत्सव में सारंग हेलीकॉप्टर टीम दिखाएगी हवाई करतब

रायपुर। छत्तीसगढ़ स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित तीन दिवसीय राज्योत्सव 2026 में भारतीय वायु सेना की सारंग हेलीकॉप्टर प्रदर्शन टीम आकर्षण का केंद्र बनेगी। टीम रायपुर पहुंच चुकी है और नवा रायपुर अटल नगर स्थित सेंध झील क्षेत्र के ऊपर शानदार हवाई प्रदर्शन कर दर्शकों को रोमांचित करेगी। स्वदेश में विकसित उन्नत हल्के हेलीकॉप्टर (एएलएच) ‘ध्रुव’ से उड़ान भरने वाली सारंग टीम अपनी सटीक उड़ान, अद्भुत तालमेल और रोमांचक हवाई करतबों के लिए विश्वभर में पहचान रखती है। टीम का प्रदर्शन भारतीय वायु सेना के उत्कृष्ट उड़ान कौशल, अनुशासन, टीम भावना और स्वदेशी तकनीकी क्षमता का शानदार परिचय देगा। राज्योत्सव के दौरान होने वाला यह हवाई प्रदर्शन विद्यार्थियों, युवाओं, विमानन प्रेमियों और आम नागरिकों के लिए विशेष आकर्षण होगा। आसमान में हेलीकॉप्टरों की सामूहिक उड़ान और सटीक संरचनाओं का नजारा लोगों को रोमांच और गर्व का अनुभव कराएगा। मोर से प्रेरित अपनी आकर्षक रंग-सज्जा और ‘उत्कृष्टता से प्रेरणा’ के आदर्श वाक्य के साथ सारंग टीम राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय आयोजनों में भारतीय वायु सेना की पेशेवर दक्षता का प्रतिनिधित्व करती है। रायपुर में टीम की मौजूदगी राज्योत्सव की भव्यता बढ़ाने के साथ युवाओं को विमानन क्षेत्र और राष्ट्रसेवा के प्रति प्रेरित करेगी।

What's Your Reaction?

Like Like 1
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0