बाल विवाह और नशे के खिलाफ चतरा में जागरूकता अभियान तेज, जरूरतमंद परिवारों को मिला पक्के मकानों का उपहार
चतरा। झारखंड राज्य स्थापना दिवस पखवाड़ा 2026 के तहत चतरा जिला प्रशासन की ओर से सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ जागरूकता अभियान चलाने के साथ-साथ जनकल्याणकारी योजनाओं को धरातल पर उतारने की पहल की जा रही है। इसी क्रम में बाल विवाह रोकथाम, नशामुक्त समाज के निर्माण और आवास योजना के लाभुकों के गृह प्रवेश से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
चतरा। झारखंड राज्य स्थापना दिवस पखवाड़ा 2026 के तहत चतरा जिला प्रशासन की ओर से सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ जागरूकता अभियान चलाने के साथ-साथ जनकल्याणकारी योजनाओं को धरातल पर उतारने की पहल की जा रही है। इसी क्रम में बाल विवाह रोकथाम, नशामुक्त समाज के निर्माण और आवास योजना के लाभुकों के गृह प्रवेश से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
बाल विवाह के खिलाफ निकाली गई जागरूकता रथ
बाल विवाह मुक्त भारत अभियान 2026 के तहत अंतरराष्ट्रीय बाल विवाह मुक्त दिवस के अवसर पर डीएमएफटी प्रशिक्षण भवन, चतरा में विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान बाल विवाह मुक्त झारखंड से संबंधित प्रचार रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया।
अभियान के माध्यम से लोगों को बाल विवाह के दुष्परिणामों और इससे जुड़े कानूनी प्रावधानों की जानकारी दी जा रही है। साथ ही अभिभावकों, बालिकाओं और समुदाय के लोगों को बाल विवाह रोकने के लिए जागरूक किया जा रहा है। कार्यक्रम का उद्देश्य 18 वर्ष से कम उम्र की लड़कियों और 21 वर्ष से कम उम्र के लड़कों के विवाह को रोकना तथा बालिकाओं की शिक्षा, सुरक्षा, स्वास्थ्य और आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देना है।
नशे के खिलाफ गीत-नाटक और नुक्कड़ नाटक से जागरूकता
वहीं, नशीले और मादक पदार्थों के सेवन के खिलाफ भी जिला प्रशासन की ओर से विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत जिले के विभिन्न स्थानों पर गीत-नाट्य और नुक्कड़ नाटक के माध्यम से लोगों को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक किया जा रहा है।
अभियान के दौरान लोगों को बताया जा रहा है कि नशे का सेवन न केवल व्यक्ति के शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य को नुकसान पहुंचाता है, बल्कि इसका असर पूरे परिवार और समाज पर भी पड़ता है। खासकर युवाओं और विद्यार्थियों को नशे से दूर रहने तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।
आवास योजना के लाभुकों को मिला अपने घर का सपना
स्थापना दिवस पखवाड़ा के तहत चतरा जिले के विभिन्न प्रखंडों, पंचायतों और गांवों में सरकारी आवास योजनाओं के लाभुकों के लिए गृह प्रवेश कार्यक्रम भी आयोजित किए जा रहे हैं। जिला प्रशासन की पहल पर जरूरतमंद परिवारों को आवास योजना का लाभ देकर नवनिर्मित पक्के मकानों में गृह प्रवेश कराया जा रहा है।
इन कार्यक्रमों के माध्यम से गरीब और जरूरतमंद परिवारों को सुरक्षित आवास उपलब्ध कराने के साथ उनके जीवन में खुशियों की नई शुरुआत की जा रही है। जिला प्रशासन का प्रयास है कि सरकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचे और जिले में सामाजिक जागरूकता के साथ विकास कार्यों को भी गति मिले।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0






