जिला पदाधिकारी ने किया जीविका सुधा बिक्री केंद्र का उद्घाटन

गया । वजीरगंज प्रखंड क्षेत्र की ग्राम पंचायत बिच्छा अंतर्गत सिकंदरपुर गांव में गुरुवार को जीविका एवं कॉम्फेड (मगध मिल्क यूनियन, सुधा) के संयुक्त तत्वावधान में ‘जीविका सुधा बिक्री केंद्र’ का शुभारंभ किया गया। केंद्र का विधिवत उद्घाटन मुख्य अतिथि जिला पदाधिकारी द्वारा फीता काटकर किया गया। इस अवसर पर जिला पदाधिकारी ने बताया कि यह योजना महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि जीविका महिलाओं को रोजगार से जोड़कर उनकी आत्मनिर्भरता और स्वाबलंबन को मजबूती प्रदान कर रहा है। बिक्री केंद्र भी महिलाओं द्वारा ही संचालित होंगे, जिससे उन्हें आर्थिक स्वतंत्रता के साथ-साथ नेतृत्व का अवसर मिलेगा। उपस्थित अधिकारियों ने कहा कि जीविका दीदियों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने की दिशा में यह पहल अत्यंत सराहनीय है। इस अवसर पर बड़ी संख्या में स्थानीय जीविका दीदियां, कैडर और ग्रामीण उपस्थित रहे तथा उन्होंने मंजू देवी को इस नई शुरुआत के लिए शुभकामनाएँ दीं। इस केंद्र का संचालन चयन प्रक्रिया के तहत चयनित स्थानीय जीविका दीदी मंजू देवी द्वारा किया जाएगा। इस पहल का उद्देश्य ग्रामीण महिलाओं को स्वावलंबी बनाना और गांव स्तर पर गुणवत्तापूर्ण दुग्ध उत्पादों की उपलब्धता सुनिश्चित करना है। कार्यक्रम में प्रखंड विकास पदाधिकारी (वजीरगंज) प्रभाकर सिंह, प्रबंधक पशुपालन प्रभात कुमार, प्रखंड परियोजना प्रबंधक (जीविका) जुली कुमारी, क्षेत्रीय समन्वयक ब्यूटी रानी तथा सामुदायिक संगठनों की जीविका दीदियाँ उपस्थित थीं। वहीं, मगध मिल्क यूनियन कॉम्फेड की ओर से संघ के प्रबंधक, विपणन प्रभारी, विपणन सहायक एवं वितरक प्रतिनिधि गौतम कुमार भी मौजूद रहे। प्रबंधक संचार दिनेश कुमार ने बताया कि जीविका एवं कॉम्फेड के संयुक्त प्रयास से मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना के अंतर्गत जिले के सभी पंचायतों में ‘जीविका सुधा बिक्री केंद्र’ स्थापित किए जा रहे हैं। आवेदन प्रक्रिया के बाद लॉटरी प्रणाली द्वारा चयनित दीदियों को सरकार की ओर से 60,000 रूपये तक की वित्तीय सहायता प्रदान की गई है, जबकि लाभार्थी को 15,000 रूपये का अंशदान करना है। सुधा बिक्री केंद्र के लिए आरंभिक कुल निवेश 75,000 रूपये निर्धारित है, जिससे डीप फ्रीजर, विजी कूलर, दुकान की ब्रांडिंग, परिवहन सहायता एवं दुकान की मरम्मत/पेंटिंग जैसी सुविधाएँ उपलब्ध कराई जा रही है।

Aug 27, 2026 - 20:06
जिला पदाधिकारी ने किया जीविका सुधा बिक्री केंद्र का उद्घाटन

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0