अभाविप रांची महानगर ने दिया सांकेतिक धरना

छात्रों की समस्याओं से प्रोवीसी को अवगत कराया

Jun 5, 2024 - 10:09
अभाविप रांची महानगर ने दिया सांकेतिक धरना

रांची। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (रांची महानगर) द्वारा रांची विश्वविद्यालय में व्याप्त छात्रों की विभिन्न समस्याओं को लेकर एक दिवसीय सांकेतिक धरना दिया गया।
अभाविप के प्रतिनिधिमंडल ने रांची विश्वविद्यालय में व्याप्त विभिन्न समस्याओं के बारे में प्रतिकुलपति डॉ. कामिनी कुमार को अवगत कराया। प्रतिनिधिमंडल ने चांसलर पोर्टल के संदर्भ में कहा कि छात्रों को वेबसाइट खोलने एवं एक फॉर्म भरने में लगभग एक से दो घंटे का समय लग रहा है। ग्रामीण क्षेत्रों के छात्र-छात्राओं के पास टेक्नोलॉजी की कमी होने के कारण अधिकतर छात्र छात्राएं फॉर्म भरने से वंचित हो रहे हैं।
नामांकन फॉर्म भरने के पश्चात पेमेंट संबंधित दिक्कतों से जूझना पड़ रहा है। दुर्भाग्यवश अगर विद्यार्थी किसी भी प्रकार की गलत जानकारी भरता है, तो उसे सुधारने का विकल्प नहीं दिया जा रहा है। मेरिट लिस्ट बनाने में भी काफी गड़बड़ी हो रही है। प्रदीप प्रतिनिधिमंडल ने प्रोवीसी को कहा कि
ऑनलाइन के साथ-साथ ऑफलाइन फॉर्म भरने का भी प्रबंध विश्वविद्यालय को करना चाहिए, ताकि जो छात्र ऑनलाइन आवेदन नहीं कर पाए,वैसे छात्र ऑफलाइन के मदद से अपना नामांकन का आवेदन कर सके।
वार्ता के क्रम में प्रति कुलपति डॉ कामिनी कुमार ने कहा कि चांसलर पोर्टल में व्याप्त समस्याओं का जल्द निवारण कर लिया जाएगा,परंतु चांसलर पोर्टल राजभवन से नियंत्रित है, विश्वविद्यालय इसमें कोई हस्तक्षेप नहीं कर सकता।
इस पर अभाविप के प्रतिनिधिमंडल ने विश्वविद्यालय से यह मांग की है कि रांची विश्वविद्यालय अविलंब इन सारी समस्याओं का निवारण जल्द करें, अन्यथा छात्र हित में अभाविप उग्र आंदोलन को बाध्य होगी। रांची विश्वविद्यालय को भी दूसरे विश्वविद्यालयों के तर्ज पर अपने पोर्टल के माध्यम से छात्रों का नामांकन लेना चाहिए। चांसलर पोर्टल में व्याप्त समस्याओं को लेकर छात्रों में संशय की स्थिति बनी हुई है।
मौके पर अभाविप प्रतिनिधिमंडल में प्रदेश सोशल मीडिया प्रमुख विशाल सिंह, रांची विश्वविद्यालय छात्र संघ अध्यक्ष नीरज कुमार, डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी विश्वविद्यालय अध्यक्ष प्रणव गुप्ता, अभाविप रांची महानगर सह मंत्री रोमा तिर्की, अनिकेत सिंह, श्याम वर्मा, प्रेम प्रतीक,रितेश, रवि, आदित्य ,सचिन, शुभम पुरोहित सहित अन्य उपस्थित थे। उक्त जानकारी अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के प्रदेश कार्यालय मंत्री अनिकेत अमन ने दी।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0