यूनिसेफ का प्रतिनिधिमंडल मिला मुख्यमंत्री से

झारखंड सरकार को सौंपे 800 ऑक्सीजन कंसंट्रेटर्स और 20 लाख मास्क

Jun 12, 2024 - 05:18
यूनिसेफ का प्रतिनिधिमंडल मिला मुख्यमंत्री से

रांची : यूनिसेफ ने कोविड-19 से लड़ाई में झारखंड सरकार के साथ अपनी सहभागिता निभाते हुए शनिवार को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को 800 ऑक्सीजन कंसंट्रेटर्स की खेप सौंपी, ताकि कोविड-19 के खिलाफ जारी जंग जीतने में सफल हो सकें।
झारखंड यूनिसेफ के प्रमुख प्रसांत दाश ने आज मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से सीएम आवास पर मुलाकात कर उन्हें यूनिसेफ की ओर से आवश्यक सामग्रियां भेंट की। इस अवसर पर अरुण कुमार सिंह, अतिरिक्त मुख्य सचिव, स्वास्थ्य विभाग, विनय कुमार चैबे, मुख्यमंत्री के सचिव तथा मुख्यमंत्री के प्रेस सलाहकार अभिषेक प्रसाद भी उपस्थित थे।
मौके पर मुख्यमंत्री ने कहा, “हम यूनिसेफ द्वारा इस कठिन समय पर किए गए सहयोग का स्वागत करते हैं। यूनिसेफ, झारखंड के विकास में एक महत्वपूर्ण भागीदार रहा है और यकीन है कि आवश्यक सामग्रियों की यह आपूर्ति द्वारा कमजोर एवं वंचित लोगों को चिकित्सा सहायता मुहैया कराने तथा कोविड-19 के खिलाफ जारी लड़ाई को जीतने में मदद मिलेगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि जीवन बचाने के लिए यूनिसेफ के द्वारा दिया गया यह सहयोग प्रशंसनीय है। कोविड-19 से निपटने के हमारे प्रयासों में यूनिसेफ ने जिस प्रकार राज्य सरकार की सहायता प्रदान की है, उसके लिए मैं उनका धन्यवाद करता हूं।
यूनिसेफ के प्रमुख प्रसांत दाश ने कहा, “कोविड-19 के कारण राज्य में स्वास्थ्य व्यवस्था पर बुरा असर पड़ा है। डॉक्टर और नर्स भी इस समय काफी दबाव में हैं। राज्य में किसी भी तरह की जानमाल की हानि को रोकने के लिए राज्य सरकार को दिए जा रहे तकनीकी सहयोग के तहत हम ऑक्सीजन कंसंट्रेटर्स प्रदान कर रहे हैं।’’
स्वास्थ्य विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव अरुण कुमार सिंह ने कहा, ’’ऑक्सीजन कंसंट्रेटर्स के अलावा, हमें यूनिसेफ की ओर से कोल्ड चेन उपकरण, आरटीपीसीआर मशीन और मास्क भी प्राप्त हुए हैं। ये आवश्यक आपूर्ति महामारी के लिए हमारी तैयारियों को मजबूत करेंगे और जीवन बचाने के हमारे प्रयासों में सहायता प्रदान करेंगे।’’
श्री दाश ने कहा कि यूनिसेफ झारखंड में महामारी से पहले से ही राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन को अपनी तकनीकी सहायता प्रदान कर रहा है और इसे आगे भी जारी रखेगा।
उन्होंने कहा, झारखंड में स्वास्थ्य सेवाओं के सुचारू संचालन में सहयोग करने के अलावा यूनिसेफ स्वयंसेवी संगठनों तथा अन्य सरकारी विभागों के साथ मिलकर भी काम कर रहा है ताकि, जमीनी स्तर पर काम कर रहे स्वयंसेवकों के माध्यम से जिंदगियों को बचाने हेतु कोविड उपयुक्त व्यवहार जैसे कि – मास्क पहनना, समय-समय पर हाथ धोना और शारीरिक दूरी का पालन करने जैसे अभ्यास को बढ़ावा दिया जा सके।
श्री दाश ने कहा, “हम कोविड-19 के प्रसार को रोकने हेतु संचार एवं सामुदायिक जुड़ाव को भी मजबूत कर रहे हैं। इसके अलावा कोरोना के जोखिम वाले परिवारों एवं समुदायों में संक्रमण प्रसार को रोकने के लिए आवश्यक स्वच्छता सामग्री साबुन, डिटर्जेंट आदि का भी वितरण कर रहे हैं।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0