इमरान प्रतापगढ़ी के झारखंड दौरे से पार्टी को मिलेगी मजबूती : अब्दुल वाहिद खान

Jun 21, 2024 - 05:10
इमरान प्रतापगढ़ी के झारखंड दौरे से पार्टी को मिलेगी मजबूती : अब्दुल वाहिद खान

रांची। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ के राष्ट्रीय अध्यक्ष इमरान प्रतापगढ़ी का झारखंड दौरा ऐतिहासिक व अभूतपूर्व होगा। उनके झारखंड आगमन से कांग्रेस पार्टी को मजबूती मिलेगी ही, साथ ही अल्पसंख्यकों के हितों के संरक्षण की दिशा में भी बेहतर मार्ग प्रशस्त होगा। उक्त बातें
झारखंड प्रदेश अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ के प्रदेश महासचिव अब्दुल वाहिद खान ने प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में संवाददाताओं से बातचीत के क्रम में कही।
उन्होंने कहा कि झारखंड राज्य गठन के बाद पहली बार कांग्रेस कमेटी अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ के राष्ट्रीय अध्यक्ष का दौरा निर्धारित हुआ है। यह पार्टी के लिए बड़ी उपलब्धि है।
उन्होंने कहा कि झारखंड प्रदेश कांग्रेस अल्पसंख्यक विभाग के अध्यक्ष शकील अख्तर अंसारी के प्रयास से यह संभव हो सका है।
वाहिद खान ने कहा कि कांग्रेस पार्टी ही एकमात्र ऐसी पार्टी है, जो सर्व धर्म, समभाव के सिद्धांतों पर चलते हुए देश के हर समुदाय के नागरिकों की सेवा में तत्पर है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ के राष्ट्रीय अध्यक्ष इमरान प्रतापगढ़ी का झारखंड आगमन कई मायनों में ऐतिहासिक साबित होगा। खासकर झारखंड के अल्पसंख्यक समुदाय के बीच श्री प्रतापगढ़ी के आगमन को लेकर हर्ष का माहौल व्याप्त है। कांग्रेस पार्टी की मजबूती के लिए भी इमरान प्रतापगढ़ी का झारखंड आना मील का पत्थर साबित होगा।
वाहिद खान ने कहा कि झारखंड में अल्पसंख्यक हितों की रक्षा व कांग्रेस पार्टी के जनाधार बढ़ाने की दिशा में प्रदेश अध्यक्ष शकील अख्तर अंसारी की महत्वपूर्ण भूमिका है। संगठन को सशक्त बनाने में वह सतत प्रयासरत हैं।
उन्होंने कहा कि झारखंड सरकार के संसदीय कार्य मंत्री आलमगीर आलम, प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष सह वित्त मंत्री डॉ.रामेश्वर उरांव, कृषि मंत्री बादल पत्रलेख, विधायक इरफान अंसारी सहित पार्टी के अन्य मंत्री व विधायक भी पार्टी को मजबूत करने के साथ-साथ अल्पसंख्यक हितों के संरक्षण की दिशा में उल्लेखनीय कार्य कर रहे हैं। अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ के राष्ट्रीय अध्यक्ष इमरान प्रतापगढ़ी के आगमन से पार्टी कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा का संचार होगा।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0