ऑपरेशन सतर्क के तहत गया जंक्शन पर 172 लीटर अंग्रेजी शराब बरामद, चार तस्कर गिरफ्तार
गयाजी। पूर्व मध्य रेलवे के डीडीयू मंडल अंतर्गत रेसुब पोस्ट गया एवं जीआरपी गया की संयुक्त टीम ने ऑपरेशन सतर्क के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए गया जंक्शन पर 172.260 लीटर अंग्रेजी शराब के साथ चार युवकों को गिरफ्तार किया। बरामद शराब की अनुमानित कीमत 2,08,724 रुपये बताई गई है।
प्राप्त सूचना के आधार पर रेसुब पोस्ट गया के सउनि पवन कुमार, सीपीडीएस टीम गया के उप निरीक्षक मुकेश कुमार एवं जीआरपी गया की पु0अ0नि0 लक्ष्मी के नेतृत्व में टीम ने गाड़ी संख्या 13349 के गया जंक्शन के प्लेटफॉर्म संख्या-7 पर पहुंचने के बाद कोच संख्या A-2 की जांच की। इसी दौरान चार युवक ट्रॉली बैग और पिठ्ठू बैग लेकर संदिग्ध अवस्था में मिले। संदेह के आधार पर पुलिस बल ने चारों को पकड़कर उनके बैग की तलाशी ली।
तलाशी के दौरान संयुक्त रूप से 172.260 लीटर अंग्रेजी शराब बरामद हुई। पूछताछ में युवकों ने शराब सिंगरौली, मध्य प्रदेश से खरीदकर बिहार में तस्करी के लिए लाने की बात स्वीकार की।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विशाल कुमार (22), हेमंत कुमार (23), सागर कुमार (28), तीनों निवासी सूरजमल बिगहा, थाना बसी, जिला अरवल तथा बिटू कुमार (19), निवासी गोविंदपुर वार्ड संख्या-10, थाना कुर्था, जिला अरवल के रूप में हुई है।
मामले में जीआरपी थाना गया में कांड संख्या 218/2026 दर्ज कर चारों के विरुद्ध धारा 30(ए), बिहार मद्यनिषेध एवं उत्पाद अधिनियम, 2022 के तहत कार्रवाई की गई है।