फेमस यूट्यूबर प्रज्ञा मिश्रा की बहन की गोली मारकर हत्या, पति ने बैंक के बाहर बुलाकर मारी गोली, घर जाकर फिर खुद को भी उड़ाया

Aug 20, 2026 - 17:30
फेमस यूट्यूबर प्रज्ञा मिश्रा की बहन की गोली मारकर हत्या, पति ने बैंक के बाहर बुलाकर मारी गोली, घर जाकर फिर खुद को भी उड़ाया

LUCKNOW : उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के गोमतीनगर में गुरुवार को दिनदहाड़े हुई गोलीबारी ने सनसनी फैला दी है. यूट्यूबर और पत्रकार प्रज्ञा मिश्रा की बहन दिव्या मिश्रा की गोली मारकर हत्या कर दी गयी. दिव्या ICICI बैंक में असिस्टेंट मैनेजर/रिलेशनशिप मैनेजर के पद पर कार्यरत थीं.

पुलिस के मुताबिक वारदात के बाद आरोपी पति मानस बाजपेयी अपने घर पहुंचा और वहां अपनी बहन को भी गोली मार दी. इसके बाद उसने खुद को भी गोली मार ली. तीनों की मौत की जानकारी सामने आयी है. घटना के शुरुआती दौर में प्रज्ञा मिश्रा ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर बताया था कि उन्हें फोन आया है कि गोमतीनगर में उनकी बहन को गोली मार दी गयी है और उन्हें लोहिया अस्पताल ले जाया गया है .उन्होंने लोगों से बहन की सलामती के लिए प्रार्थना करने की अपील की थी. बाद की रिपोर्टों में दिव्या की मौत की पुष्टि हुई.

बैंक के बाहर बुलाया, फिर कर दी फायरिंग

रिपोर्टों के मुताबिक दिव्या गोमतीनगर स्थित ICICI बैंक की शाखा में काम करती थीं. गुरुवार को उनके पति मानस बैंक के बाहर पहुंचे और दिव्या को बाहर बुलाया. दोनों के बीच कुछ देर बातचीत हुई. इसके बाद मानस ने उन पर गोली चला दी. गंभीर रूप से घायल दिव्या को अस्पताल ले जाया गया लेकिन उनकी जान नहीं बच सकी. घटना के बाद आरोपी मौके से निकल गया और करीब दो किलोमीटर दूर अपने घर पहुंचा. वहां उसने अपनी बहन शीबा को भी गोली मार दी. इसके बाद मानस ने खुद को भी गोली मार ली. पुलिस और फोरेंसिक टीम ने दोनों स्थानों पर पहुंचकर जांच शुरू की.

पारिवारिक विवाद की बात सामने आ रही

पुलिस की शुरुआती जांच में पति-पत्नी के बीच चल रहे पारिवारिक विवाद की बात सामने आयी है. कुछ रिपोर्टों के अनुसार दिव्या ने करीब एक वर्ष पहले पति से तलाक के लिए अदालत का दरवाजा खटखटाया था. हालांकि इस विवाद की पूरी पृष्ठभूमि और हत्या की वास्तविक वजह की पुष्टि पुलिस की विस्तृत जांच के बाद ही होगी.

WhatsApp स्टेटस से भी मिला सुराग

घटना के बाद मानस के कथित WhatsApp स्टेटस की भी चर्चा है. रिपोर्टों के अनुसार उसने पत्नी पर धोखा देने का आरोप लगाते हुए अपनी पत्नी और बहन की हत्या तथा खुद की जान लेने की बात लिखी थी. पुलिस इस डिजिटल साक्ष्य समेत पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है.

पहले पत्नी, फिर बहन और आखिर में खुद को मारी गोली

पुलिस की शुरुआती जांच के मुताबिक घटनाक्रम कुछ इस तरह सामने आया है
पहला चरण: मानस ने गोमतीनगर स्थित बैंक के बाहर पत्नी दिव्या को गोली मारी.
दूसरा चरण: वारदात के बाद वह अपने घर पहुंचा.
तीसरा चरण: घर में उसने अपनी बहन शीबा को गोली मारी.
चौथा चरण: इसके बाद उसने खुद को गोली मार ली.

इस तरह एक ही घटनाक्रम में तीन लोगों की जान चली गयी. पुलिस अब हथियार, घटनास्थल से मिले साक्ष्य, CCTV फुटेज और डिजिटल सामग्री के आधार पर पूरे मामले की कड़ियां जोड़ रही है.

कौन थीं दिव्या मिश्रा?

दिव्या मिश्रा ICICI बैंक में कार्यरत थीं और गोमतीनगर क्षेत्र में अपनी नौकरी कर रही थीं.वह यूट्यूबर और पत्रकार प्रज्ञा मिश्रा की बहन थीं.घटना की जानकारी मिलने के बाद प्रज्ञा मिश्रा की शुरुआती सोशल मीडिया पोस्ट से मामला सार्वजनिक चर्चा में आया.

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0