पतरातू डैम के खोले गए 4 फाटक, लगातार बारिश से बढ़ा जलस्तर

Aug 19, 2026 - 17:22
पतरातू डैम के खोले गए 4 फाटक, लगातार बारिश से बढ़ा जलस्तर

RAMGARH : पतरातू डैम के कैचमेंट एरिया में लगातार हो रही बारिश के कारण जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है. जलस्तर को नियंत्रित करने के लिए डैम के चार फाटक खोल दिए गए हैं. इससे नलकारी नदी के साथ-साथ दामोदर नदी में भी पानी का बहाव तेज हो गया है और निचले इलाकों में जलस्तर बढ़ने की स्थिति बनी हुई है. प्रशासन ने लोगों से नदी और डैम के आसपास नहीं जाने की अपील की है.

रामगढ़ जिले के पतरातू डैम में लगातार बढ़ते जलस्तर को देखते हुए चार फाटक खोल दिए गए हैं. बीती रात डैम के 4 और 5 नंबर फाटक खोले गए थे, जबकि आज 3 और 6 नंबर फाटक भी खोल दिए गए. इस तरह फिलहाल, कुल चार फाटकों से पानी की निकासी की जा रही है.

जानकारी के मुताबिक फाटकों को करीब तीन फीट तक खोला गया है, जिससे लगभग 800 क्यूसेक पानी छोड़ा जा रहा है. डैम से पानी छोड़े जाने के बाद नलकारी नदी का बहाव काफी तेज हो गया है, जिसका असर दामोदर नदी के जलस्तर पर भी दिखाई दे रहा है. निचले इलाकों में पानी का स्तर बढ़ने से लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है. डैम का फाटक खुलने से देश के प्रसिद्ध सिद्धपीठ मां छिन्नमस्तिका मंदिर के समीप दामोदर नदी का भी जल स्तर बढ़ने की संभावना है.

फाटक खोले जाने से पहले जिला प्रशासन के निर्देश पर पीटीपीएस परिसंपदा पदाधिकारी विवेक कुमार की ओर से लाउडस्पीकर के माध्यम से आसपास के क्षेत्रों में अनाउंसमेंट कराया गया. लोगों से अपील की गई कि वे नदी के किनारे नहीं जाएं और अपने मवेशियों को भी नदी के आसपास न ले जाएं.

रामगढ़ डीसी ऋतुराज और जिला प्रशासन ने भी लोगों को डैम के फाटकों और जलधारा के आसपास नहीं जाने की सलाह दी है. प्रशासन का कहना है कि डैम से पानी छोड़े जाने के बाद नलकारी और दामोदर नदी में पानी का बहाव और जलस्तर दोनों बढ़ सकते हैं.

वहीं, डैम के समीप स्थित पंचवहनी मंदिर के पुजारी ने बताया कि फाटक खुलने के बाद बड़ी संख्या में लोग पानी का तेज बहाव देखने और फोटो खींचने के लिए डैम के नजदीक पहुंच रहे हैं. लोगों को समझाया जा रहा है कि वे किसी तरह का जोखिम न लें और सुरक्षित दूरी बनाए रखें.

फाटक खुलने के बाद पानी का बहाव काफी तेज हो गया है. लोग फोटो लेने के लिए पानी के नजदीक जा रहे हैं, जो बेहद खतरनाक है. लोगों से अपील है कि वे डैम और नदी के किनारे जाने से बचें और अपनी सुरक्षा का ध्यान रखें.

फिलहाल प्रशासन की ओर से स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है. लोगों से अपील की गई है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और प्रशासन की ओर से जारी निर्देशों का पालन करें. खासकर बच्चे, बुजुर्ग और मवेशियों को नदी एवं जलधारा के आसपास जाने से रोकने की अपील की गई है.

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0