डालमिया परिवार का विवाद गहराया,रेणु और रितु डालमिया ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर आरोपों को बताया बेबुनियाद

टीना कयाल पर संपत्ति को लेकर साजिश रचने का लगाया आरोप, कुछ असामाजिक तत्वों पर विवाद को हवा देने का दावा; पुलिस प्रशासन से निष्पक्ष जांच और सुरक्षा की मांग

Nov 14, 2026 - 21:41
डालमिया परिवार का विवाद गहराया,रेणु और रितु डालमिया ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर आरोपों को बताया बेबुनियाद

गयाजी। केपी रोड स्थित डालमिया निवास में शनिवार को रेणु डालमिया एवं रितु डालमिया ने संयुक्त रूप से प्रेस कॉन्फ्रेंस कर सुशीला डालमिया द्वारा मारपीट और घर से बेघर करने के लगाए गए आरोपों को सिरे से खारिज किया। दोनों ने आरोपों को निराधार बताते हुए कहा कि उनके परिवार की सामाजिक प्रतिष्ठा को धूमिल करने के उद्देश्य से सुनियोजित तरीके से विवाद को तूल दिया जा रहा है। प्रेस कॉन्फ्रेंस में डालमिया ने बताया कि केपी रोड में उनके संयुक्त परिवार की संपत्ति है, जिसमें दो व्यावसायिक प्रतिष्ठान संचालित होते हैं। इनमें एक डालमिया ब्रदर्स (अनामिका) है, जिसका संचालन उनके पति करते हैं, जबकि दूसरा डालमिया सिंथेटिक्स है, जिसे अभिषेक डालमिया संचालित करते हैं। उन्होंने बताया कि जिस तीन मंजिला भवन में दोनों प्रतिष्ठान संचालित हैं, उसकी तीसरी मंजिल पर टिन शेड डालकर एक कमरे का निर्माण किया गया था। भवन की छत काफी जर्जर हो चुकी थी, जिससे वहां रहने वाले लोगों, कर्मचारियों और आम नागरिकों की जान-माल को खतरा उत्पन्न हो सकता था। इसी को देखते हुए भवन की मरम्मत आवश्यक हो गई थी। इस संबंध में उनके पति एवं भतीजे अभिषेक डालमिया ने गया नगर निगम में आवेदन देकर भवन की वास्तविक स्थिति से अवगत कराया था। रितु डालमिया ने कहा कि 13 नवंबर 2026 को सोशल मीडिया के माध्यम से उन्हें जानकारी मिली कि सुशीला डालमिया, पत्नी स्वर्गीय शिव कुमार डालमिया ने उनके पति एवं अन्य लोगों के विरुद्ध मारपीट और बेघर करने का आरोप लगाते हुए कोतवाली थाने में आवेदन दिया है। उन्होंने इन आरोपों को पूरी तरह गलत बताते हुए कहा कि उनके पति को बदनाम करने की कोशिश की जा रही है। प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान रितु डालमिया ने विधि कयाल उर्फ टीना पर गंभीर आरोप लगाए और उन्हें पूरे विवाद का मुख्य साजिशकर्ता बताया। उन्होंने दावा किया कि टीना, सुशीला डालमिया की बहन स्वर्गीय शकुंतला केडिया की दत्तक पुत्री हैं, लेकिन खुद को सुशीला डालमिया की पुत्री बताकर रह रही हैं। रितु डालमिया का आरोप है कि टीना की नजर सुशीला डालमिया की संपत्ति पर है और इसी उद्देश्य से उन्हें प्रभावित कर उनके पति के खिलाफ आरोप लगवाए जा रहे हैं। उन्होंने सुशीला डालमिया की सुरक्षा को लेकर भी गंभीर आशंका जताई। उनका आरोप था कि संपत्ति हासिल करने की मंशा से टीना उन्हें नुकसान पहुंचा सकती हैं। इस आशंका के संदर्भ में उन्होंने करीब दो वर्ष पूर्व टीना के पति अजय कयाल की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत का भी उल्लेख किया। डालमिया ने यह भी आरोप लगाया कि इस पारिवारिक विवाद को कुछ ऐसे असामाजिक तत्व बढ़ावा दे रहे हैं, जो स्वयं को समाज का हितैषी बताकर पर्दे के पीछे से मामले को और उलझाने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे लोगों की भूमिका की भी जांच होनी चाहिए, ताकि पूरे मामले की सच्चाई सामने आ सके और किसी निर्दोष की प्रतिष्ठा को नुकसान न पहुंचे। अंत में उन्होंने बताया कि इस पूरे मामले को लेकर पुलिस प्रशासन को पत्र लिखकर निष्पक्ष जांच, संबंधित लोगों की भूमिका की पड़ताल तथा आवश्यक सुरक्षा एवं कानूनी कार्रवाई की मांग की गई है। उन्होंने प्रशासन से आग्रह किया कि मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए सभी पक्षों की बात सुनकर तथ्यों के आधार पर उचित कार्रवाई की जाए।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0