गया जंक्शन पर 12.756 किलो गांजा के साथ महिला गिरफ्तार, कीमत 6.37 लाख रुपये

ऑपरेशन नारकोस के तहत आरपीएफ और जीआरपी की संयुक्त कार्रवाई, ओडिशा से बिहार ले जाया जा रहा था गांजा

Nov 14, 2026 - 18:12
गया जंक्शन पर 12.756 किलो गांजा के साथ महिला गिरफ्तार, कीमत 6.37 लाख रुपये

गयाजी। पूर्व मध्य रेल के डीडीयू मंडल अंतर्गत गया जंक्शन पर आरपीएफ और जीआरपी की संयुक्त टीम ने ऑपरेशन नारकोस के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए 12.756 किलोग्राम गांजा के साथ एक महिला को गिरफ्तार किया है। जब्त गांजे की अनुमानित कीमत 6 लाख 37 हजार 800 रुपये बताई गई है। 14 नवंबर को गया जंक्शन पर आपराधिक गतिविधियों की निगरानी के दौरान आरपीएफ को गुप्त सूचना मिली कि धनबाद-शकूरबस्ती एक्सप्रेस (गाड़ी संख्या 03639 अप) से एक महिला गांजा लेकर यात्रा कर रही है। सूचना के आधार पर आरपीएफ पोस्ट गया के प्रभारी निरीक्षक बनारसी यादव, अपराध आसूचना शाखा के प्रभारी निरीक्षक चंदन कुमार एवं जीआरपी थानाध्यक्ष शिव कुमार के नेतृत्व में संयुक्त टीम ने ट्रेन के गया जंक्शन के प्लेटफॉर्म संख्या एक पर पहुंचने पर आगे के जनरल कोच में तलाशी ली। इस दौरान रोहतास जिले के करगहर थाना क्षेत्र अंतर्गत सोनाडीह गांव निवासी छोटी कुमारी (22 वर्ष), पिता गोपाल कहार के पास मौजूद एक झोले से 12 बंडल गांजा बरामद किया गया। राजपत्रित अधिकारी सह सुरक्षा आयुक्त आरपीएफ गया संजय कुमार सिंह की मौजूदगी में विधिवत कार्रवाई करते हुए कुल 12.756 किलोग्राम गांजा जब्त किया गया। इसके बाद महिला पुलिसकर्मी की सहायता से महिला को गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ में महिला ने बताया कि पैसों के लालच में वह ओडिशा के संभलपुर से गांजा लेकर बिहार के सासाराम जा रही थी। इसके बाद जब्त गांजा और गिरफ्तार महिला को जीआरपी थाना गया लाया गया। मामले में आरपीएफ के उपनिरीक्षक धीरेंद्र कुमार के लिखित आवेदन पर जीआरपी थाना गया में कांड संख्या 285/26, दिनांक 14 नवंबर 2026 को एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20(बी)(ii)(बी) के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है।

What's Your Reaction?

Like Like 1
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0