JJMP के सब-जोनल कमांडर समेत 4 उग्रवादी गिरफ्तार, AK-56 और SLR बरामद

Aug 18, 2026 - 17:36
JJMP के सब-जोनल कमांडर समेत 4 उग्रवादी गिरफ्तार, AK-56 और SLR बरामद

RANCHI : गुमला के डुमरी थाना क्षेत्र में पुलिस और सुरक्षा बलों को उग्रवाद विरोधी अभियान में बड़ी सफलता मिली है. पुलिस ने प्रतिबंधित संगठन JJMP (झारखंड जन मुक्ति परिषद) के सब-जोनल कमांडर रामदेव लोहरा समेत चार उग्रवादियों को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार रामदेव लोहरा पर पुलिस की ओर से पांच लाख रुपये का इनाम घोषित था.

गुप्त सूचना पर कार्रवाई

आईजी अभियान नरेंद्र सिंह के अनुसार पुलिस को सूचना मिली थी कि JJMP का सब-जोनल कमांडर रामदेव लोहरा डुमरी थाना क्षेत्र के अकासी और जयरागी गांवों के आसपास अपने दस्ते के सदस्यों के साथ घूम रहा है. सूचना के सत्यापन के बाद गुमला एसपी के नेतृव में सुरक्षा बलों की टीम ने इलाके में अभियान शुरू किया. अभियान के दौरान टीम ने घेराबंदी कर रामदेव लोहरा समेत चार लोगों को गिरफ्तार कर लिया.

पांच लाख का इनामी है लोहरा

गिरफ्तार आरोपियों में रामदेव लोहरा, पिता बालमुकुंद लोहरा, ग्राम बिंगड़ा, थाना लातेहार, जिला लातेहार शामिल है. पुलिस के मुताबिक रामदेव लोहरा JJMP का सब-जोनल कमांडर है और उस पर पांच लाख रुपये का इनाम घोषित था. दूसरा गिरफ्तार आरोपी अरविंद नायक, पिता सहदेव नायक, ग्राम कोने, थाना लातेहार, जिला लातेहार है, जो JJMP का एरिया कमांडर बताया गया है.

इसके अलावा मुनेश्वर सिंह, पिता सोहराय सिंह, ग्राम किता मक्का, थाना जोबांग, जिला लोहरदगा को JJMP का सदस्य बताया गया है. चौथे गिरफ्तार आरोपी की पहचान जितेंद्र लोहरा, ग्राम उजरा, थाना डुमरी, जिला गुमला के रूप में हुई है.

हथियार और अन्य सामान बरामद

गिरफ्तार उग्रवादियों के पास से पुलिस ने बड़ी मात्रा में हथियार, गोलियां और अन्य सामान बरामद किए हैं. बरामदगी में एक AK-56 राइफल और मैगजीन, एक SLR राइफल और मैगजीन तथा एक सेमी-ऑटोमेटिक राइफल शामिल है. इसके अलावा AK-47, SLR और सेमी-ऑटोमेटिक राइफल के लिए इस्तेमाल होने वाले जिंदा कारतूस भी बरामद किए गए हैं. पुलिस ने अभियान के दौरान एक वॉकी-टॉकी, आठ मोबाइल फोन, एक वाई-फाई डोंगल और प्रतिबंधित JJMP/नक्सली संगठनों से संबंधित पर्चे भी जब्त किए हैं.

वहीं, एसपी हरीश बिन जमा ने प्रेस वार्ता का आयोजन करते हुए बताया कि मिली गुप्त सूचना के आधार पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी चैनपुर के नेतृत्व में टीम का गठन किया गया. सूचना के तहत टीम ने छापेमारी की, जिसमें बड़ी सफलता हासिल हुई है

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0