बेगूसराय में 15 लाख की सुपारी लेकर पूर्व पार्षद पर फायरिंग, CCTV में कैद हुई वारदात; एक आरोपी गिरफ्तार
बेगूसराय में पूर्व पार्षद पर फायरिंग के मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, वारदात के पीछे 15 लाख रुपये की सुपारी की बात सामने आई है। फायरिंग की पूरी घटना CCTV कैमरे में कैद हुई है। पुलिस अन्य आरोपियों की तलाश और मामले की जांच में जुटी है।
बेगूसराय: जिले के बलिया में पुरानी रंजिश को लेकर पूर्व वार्ड पार्षद और उसके सहयोगी पर गोलीबारी का मामला सामने आया है। आरोप है कि 15 लाख रुपये की सुपारी लेकर बदमाशों ने वारदात को अंजाम दिया। पूरी घटना पास लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई, जिसका फुटेज अब सामने आया है।
घटना 18 सितंबर की रात करीब 10 बजे की बताई जा रही है। बलिया नगर परिषद के पूर्व पार्षद मोहम्मद इरशादुलजमा अपने सहयोगी मोहम्मद शाकिर के साथ स्कूटी से घर लौट रहे थे। इसी दौरान घर के पास पहले से घात लगाए तीन बदमाशों ने उनकी स्कूटी में टक्कर मारकर उन्हें रोक दिया। इसके बाद बदमाशों ने दोनों पर फायरिंग शुरू कर दी।
गोली चलते ही इरशादुलजमा और उनका सहयोगी भागने की कोशिश करने लगे, लेकिन फायरिंग में दोनों घायल हो गए। इरशादुलजमा के कंधे और हाथ में गोली लगी है। दोनों को इलाज के लिए शहर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
जमीन विवाद और पुरानी रंजिश का आरोप
बताया जा रहा है कि इरशादुलजमा ने जमीन खरीदकर सड़क निर्माण के लिए सरकार को दान दी थी। इसी को लेकर उनके पड़ोसी सहरोज के साथ विवाद चल रहा था। इसके अलावा सहरोज, शाहनवाज, मोहम्मद अब्दुल्ला और मुन्ना सिंह के साथ भी पुरानी रंजिश होने की बात सामने आई है।
पुलिस के अनुसार, इसी रंजिश को लेकर इरशादुलजमा की हत्या के लिए दिलीप यादव और मुकेश यादव को कथित तौर पर 15 लाख रुपये की सुपारी दिए जाने का आरोप है। हालांकि, इस आरोप की पुलिस जांच कर रही है।
एक आरोपी गिरफ्तार
मुख्यालय डीएसपी निखिल कुमार ने बताया कि 18 सितंबर की देर रात पूर्व पार्षद अपने सहयोगी के साथ घर लौट रहे थे, तभी बदमाशों ने उन्हें गोली मारकर घायल कर दिया। मामले में मुन्ना सिंह को गिरफ्तार किया गया है। अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।
पुलिस के मुताबिक, दोनों घायलों का इलाज जारी है और उनकी स्थिति खतरे से बाहर है। CCTV फुटेज के आधार पर पुलिस वारदात में शामिल अन्य आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी की कोशिश कर रही है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0

