मुंगेर में समझौते के नाम पर बुलाए 16 साल के किशोर की गोली मारकर हत्या, कनपटी में मारी गोली
मुंगेर। सफियासराय थाना क्षेत्र में समझौते के नाम पर बुलाए गए 16 वर्षीय किशोर की गोली मारकर हत्या कर दी गई। बिजली कार्यालय के समीप हुई इस वारदात के बाद इलाके में तनाव का माहौल है। मृतक की पहचान नौलखा निवासी चंदन कुमार के 16 वर्षीय पुत्र इशांत कुमार के रूप में हुई है।
मुंगेर:- सफियासराय थाना क्षेत्र में समझौते के नाम पर बुलाए गए 16 वर्षीय किशोर की गोली मारकर हत्या कर दी गई। बिजली कार्यालय के समीप हुई इस वारदात के बाद इलाके में तनाव का माहौल है। मृतक की पहचान नौलखा निवासी चंदन कुमार के 16 वर्षीय पुत्र इशांत कुमार के रूप में हुई है।
परिजनों के अनुसार, इशांत शनिवार सुबह टाउन उच्च विद्यालय गया था। स्कूल से लौटने के बाद उसके दोस्त ऋतुराज ने बताया कि निरंजन कुमार और आयुष कुमार ने फोन कर इशांत को बिजली कार्यालय के समीप बुलाया था। आरोप है कि वहां पहुंचने के बाद निरंजन कुमार ने इशांत की कनपटी में गोली मार दी।
गोली लगने के बाद इशांत गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़ा। उसके दोस्त आनन-फानन में उसे सदर अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन प्राथमिक उपचार के दौरान ही उसकी मौत हो गई।
दो महीने से चल रहा था विवाद
परिजनों और प्रत्यक्षदर्शी दोस्त के मुताबिक, इशांत और आरोपित पक्ष के बीच करीब दो महीने से विवाद चल रहा था। बताया गया कि इशांत और उसकी बहन हसरगंज स्थित लाल का चौक के पास एक ट्यूशन सेंटर में पढ़ने जाते थे। आरोप है कि रास्ते में निरंजन और आयुष उसकी बहन के साथ छेड़खानी करते थे। विरोध के बाद परिवार ने बच्चों का ट्यूशन जाना बंद करा दिया था।
परिजनों का आरोप है कि इसी पुराने विवाद को लेकर शनिवार को इशांत को समझौता कराने के नाम पर बुलाया गया, लेकिन बातचीत के बजाय उसे गोली मार दी गई।
पुलिस ने बढ़ाई निगरानी
घटना के बाद सफियासराय और आसपास के इलाके में तनाव को देखते हुए पुलिस की गश्त बढ़ा दी गई है। सदर अस्पताल से लेकर सफियावाद थाना क्षेत्र तक पुलिस बल की तैनाती और निगरानी बढ़ाई गई है।
घटना की जानकारी मिलते ही मुंगेर एसपी सैयद इमरान मसूद सदर अस्पताल पहुंचे और मृतक के पिता से पूरे मामले की जानकारी ली। एसपी ने दोषियों के खिलाफ कार्रवाई का भरोसा दिया है।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है। आरोपितों की भूमिका, गोली चलाने की वजह और पुराने विवाद से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। पुलिस आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0

