बलियापुर में सिर कटी युवती हत्याकांड का खुलासा, प्रेम विवाह से नाराज ससुर पर साजिश का आरोप; चार गिरफ्तार
धनबाद: बलियापुर थाना क्षेत्र के ढांगी पहाड़ी की तलहटी से मिले सिर कटे युवती के शव के मामले का पुलिस ने खुलासा करने का दावा किया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए हत्याकांड में शामिल बताए जा रहे चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, युवती ने प्रेम विवाह किया था और इसी विवाह से उसके ससुर संतोष रवानी कथित तौर पर नाराज थे। आरोप है कि इसी नाराजगी के चलते युवती की हत्या की साजिश रची गई।
धनबाद: बलियापुर थाना क्षेत्र के ढांगी पहाड़ी की तलहटी से मिले सिर कटे युवती के शव के मामले का पुलिस ने खुलासा करने का दावा किया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए हत्याकांड में शामिल बताए जा रहे चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, युवती ने प्रेम विवाह किया था और इसी विवाह से उसके ससुर संतोष रवानी कथित तौर पर नाराज थे। आरोप है कि इसी नाराजगी के चलते युवती की हत्या की साजिश रची गई।
धनबाद के सिटी एसपी ऋत्विक श्रीवास्तव ने रविवार को मामले की जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल धारदार हथियार के अलावा मृतिका की चप्पल, पूजा सामग्री और तीन मोबाइल फोन बरामद किए हैं। मामले में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।
11 सितंबर को मिला था सिर कटा शव
पुलिस के मुताबिक, 11 सितंबर को बलियापुर थाना प्रभारी को सूचना मिली थी कि ढांगी पहाड़ी की तलहटी के पास एक युवती का सिर कटा शव पड़ा हुआ है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। जांच के दौरान युवती का शव बरामद किया गया, जबकि कुछ दूरी पर एक बोरे में उसका सिर भी मिला।
मौके पर पहुंचे संदीप रवानी ने शव की पहचान अपनी बेटी के रूप में की। उन्होंने पुलिस को बताया कि उनकी बेटी 9 सितंबर से लापता थी और उसके लापता होने की जानकारी उनके दामाद कृष रवानी ने फोन के जरिए दी थी।
इसके बाद मृतिका के पिता के लिखित आवेदन के आधार पर बलियापुर थाना में हत्या और साक्ष्य छिपाने समेत संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई।
CCTV और तकनीकी साक्ष्यों से जांच आगे बढ़ी
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरीय पुलिस अधिकारियों के निर्देश पर सिंदरी एसडीपीओ के नेतृत्व में विशेष छापामारी टीम गठित की गई। पुलिस टीम ने घटनास्थल के आसपास लगे CCTV फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों को खंगालते हुए जांच आगे बढ़ाई।
जांच के दौरान पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राजगंज थाना क्षेत्र के डोमनपुर निवासी जयराम रवानी, बलियापुर के प्रधानखंता निवासी किशोर महतो, करमाटांड़ निवासी आलोमनी देवी और राम प्रसाद रजवार के रूप में हुई है।
पूछताछ में हत्या में शामिल होने का दावा
पुलिस का दावा है कि पूछताछ के दौरान गिरफ्तार आरोपियों ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। पुलिस ने उनकी निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल धारदार हथियार भी बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार, बरामद हथियार करीब दो बित्ता सात अंगुल लंबा धारदार छुरा है। इसके अलावा मृतिका की चप्पल, पूजा सामग्री और तीन मोबाइल फोन भी पुलिस ने जब्त किए हैं।
प्रेम विवाह से नाराजगी बनी हत्या की वजह?
पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि संतोष रवानी के पुत्र कृष रवानी ने मृतिका से प्रेम विवाह किया था। बताया जा रहा है कि यह विवाह संतोष रवानी को पसंद नहीं था। पुलिस के अनुसार, इसी नाराजगी के चलते युवती को रास्ते से हटाने के लिए कथित तौर पर साजिश रची गई।
हत्या के बाद शव को ठिकाने लगाने और साक्ष्य मिटाने का भी प्रयास किए जाने की बात पुलिस जांच में सामने आई है। हालांकि, पुलिस इस मामले में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है।
फिलहाल पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के साथ मामले में फरार अन्य आरोपियों की तलाश में संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी कर रही है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद हत्याकांड से जुड़े अन्य तथ्यों का भी खुलासा किया जाएगा।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0

