जामताड़ा में दिल दहला देने वाली वारदात, कुल्हाड़ी से हमला कर पत्नी की हत्या; पति भी घायल

जामताड़ा के नौहथिया गांव में पति मनोज रजवार पर अपनी पत्नी बसंती देवी की कुल्हाड़ी से हत्या करने का आरोप है। घटना के बाद घर के लोहे के गेट में करंट प्रवाहित कर दिया गया था। पुलिस ने बिजली काटकर घर में प्रवेश किया और घायल पति को इलाज के लिए धनबाद रेफर कराया।

Oct 30, 2026 - 18:16
जामताड़ा में दिल दहला देने वाली वारदात, कुल्हाड़ी से हमला कर पत्नी की हत्या; पति भी घायल

जामताड़ा। जिले के नारायणपुर थाना क्षेत्र के नौहथिया गांव में घरेलू विवाद के बीच एक दर्दनाक घटना सामने आई है। यहां पति ने कथित तौर पर अपनी पत्नी की कुल्हाड़ी से हमला कर हत्या कर दी। घटना में पति मनोज रजवार भी घायल हो गया। वारदात के बाद गांव में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही नारायणपुर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।

जानकारी के अनुसार, मनोज रजवार ने अपनी 43 वर्षीय पत्नी बसंती देवी पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलने पर ग्रामीण संदीप राय ने भी बताया कि मनोज रजवार ने ही कुल्हाड़ी से हमला कर अपनी पत्नी की हत्या की है।

मामले में एक और चौंकाने वाली बात सामने आई। घटना के बाद घर के मुख्य गेट के लोहे के दरवाजे में बिजली का करंट प्रवाहित कर दिया गया था। इसके कारण कोई भी घर के अंदर प्रवेश नहीं कर पा रहा था और न ही बाहर निकल पा रहा था। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने सबसे पहले बिजली का कनेक्शन कटवाया। इसके बाद गेट तोड़कर पुलिसकर्मी घर के अंदर दाखिल हुए।

घर के अंदर बसंती देवी मृत अवस्था में मिली, जबकि उसका पति मनोज रजवार घायल हालत में पाया गया। पुलिस ने घायल मनोज को इलाज के लिए सदर अस्पताल भेजा, जहां से उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए पीएमसीएच धनबाद रेफर कर दिया गया।

वहीं, पुलिस ने बसंती देवी के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। घटना के पीछे की वजह और अन्य परिस्थितियों का पता लगाया जा रहा है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0