उमर अब्दुल्ला से मिले अमेरिका के राजदूत सर्जियो गोर, कहा- 'जम्मू कश्मीर भारत का अहम हिस्सा'

Aug 19, 2026 - 17:36
उमर अब्दुल्ला से मिले अमेरिका के राजदूत सर्जियो गोर, कहा- 'जम्मू कश्मीर भारत का अहम हिस्सा'

SRINAGAR : भारत में अमेरिका के राजदूत सर्जियो गोर ने बुधवार को पाकिस्तान को बड़ा संदेश देते हुए कहा कि जम्मू कश्मीर भारत का अहम हिस्सा है. यहां आकर बहुत अच्छा लग रहा है. जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला से श्रीनगर में मुलाकात के बाद संकेत दिया कि वॉशिंगटन जम्मू-कश्मीर के लिए अपनी ट्रैवल वॉर्निंग की समीक्षा कर सकता है. उन्होंने कहा कि बेहतर सुरक्षा हालात से इस इलाके में अमेरिकी पर्यटकों के आने का रास्ता साफ होना चाहिए.

उन्होंने मुख्यमंत्री से मुलाकात की तस्वीर शेयर करते हुए कहा कि उनसे मिलने और उनकी प्राथमिकताओं के बारे में और जानने का मौका पाकर अच्छा लगा. गोर ने कहा कि ''हमने आर्थिक सहयोग को और मजबूत करने और ऐसे अवसर पैदा करने के तरीकों पर चर्चा की जिनसे हमारे दोनों देशों को आपसी फायदा हो.'' उन्होंने मीडिया से बातचीत में कहा कि जम्मू कश्मीर भारत का अहम हिस्सा है. यहां आकर बहुत अच्छा लग रहा है.

रिश्ते को आगे बढ़ाने के लिए उत्सुक - सर्जियो गोर

उन्होंने कहा कि ''यह जगह बेहद खूबसूरत है. मैं यहां आकर और इस जगह को देखकर बहुत उत्साहित हूं. हमारी बहुत अच्छी मुलाकात हुई. कुछ आगे की बातें हैं जिन्हें हम वॉशिंगटन और दिल्ली ले जाएंगे. मुलाकात बहुत गर्मजोशी भरी और दोस्ताना रही और हम इस रिश्ते को आगे बढ़ाने के लिए उत्सुक हैं."

ट्रैवल वॉर्निंग पर क्या बोले?

सर्जियो गोर ने कहा कि "अमेरिका ट्रैवल वॉर्निंग जारी करता है और हम समय-समय पर हम समीक्षा भी करते हैं. मैं आज यहां कोई बड़ी घोषणा तो नहीं कर सकता, लेकिन हम इस पर जरूर विचार करेंगे.'' गोर ने कहा कि ''हमारा मानना ​​है कि नई दिल्ली और यहां की सरकार ने इस इलाके को और ज्यादा सुरक्षित बनाने के लिए बेहतरीन कदम उठाए हैं. इसलिए, हम देखेंगे कि क्या अमेरिका की तरफ से जारी ट्रैवल वॉर्निंग को कम किया जा सकता है.''

उन्होंने कहा, ''यह एक खूबसूरत इलाका है; मुझे लगता है कि बहुत से अमेरिकी यहां आकर इसकी खूबसूरती और यहां मौजूद मौकों का आनंद लेंगे." 

वहीं सीएम उमर अब्दुल्ला ने कहा कि ''आज श्रीनगर में सर्जियो गोर का स्वागत करके खुशी हुई. हमने J&K और अमेरिका के बीच आपसी सहयोग को बढ़ाने और गहरा करने की संभावनाओं पर बहुत अच्छी बातचीत की, खासकर पर्यटन, बागवानी और नई अर्थव्यवस्था जैसे क्षेत्रों पर चर्चा की. मैं इस सहयोग को जारी रखने और हमारी बातचीत को आगे बढ़ाने के लिए उत्सुक हूं.''

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0