सनी देओल के लिए रक्षाबंधन पर ईशा देओल ने बनवाई ढाई किलो की राखी, फैंस हैरान

Aug 20, 2026 - 18:03
सनी देओल के लिए रक्षाबंधन पर ईशा देओल ने बनवाई ढाई किलो की राखी, फैंस हैरान

ENTERTAINMENT DESK : ईशा देओल ने इस साल भाई सनी देओल के लिए रक्षाबंधन को खास बनाने का एक मजेदार तरीका ढूंढ लिया है। उन्होंने सनी देओल की फिल्म 'दामिनी' के हिट डायलॉग 'ढाई किलो का हाथ' को एक मजेदार ट्विस्ट दिया, जिसे देख फैंस भी खुश हो गए। ईशा एक डिलीवरी ऐप के विज्ञापन में नजर आ रही हैं, और इसमें उन्होंने 'ढाई किलो का हाथ' डायलॉग को रक्षाबंधन के हिसाब से एक मजेदार ट्विस्ट दिया, जिसे काफी पसंद किया जा रहा है।

इस वीडियो ने सनी देओल के फैंस के लिए पुरानी यादें ताजा कर दीं। इसमें ईशा देओल कह रही हैं, 'जब भैया का ढाई किलो का हाथ उठता है, तो आप सब उठ जाते हैं तालियां बजाने लेकिन ये हाथ इतना लेजेंड्री क्यूं है? ये हमें प्रोफेसर बताएंगे। इसके बाद विज्ञापन में ढाई किलो के हाथ के साथ पूरा एक्सपेरिमेंट करके और मजेदार ट्विस्ट देकर दिखाया जाता है, जो काफी दिलचस्प है। वीडियो में ईशा देओल भाई सनी देओल के लिए फिर एक ढाई किलो की राखी मंगवाती हैं, जिसे वह खुशी से दिखा रही हैं।

ढाई किलो की राखी देख फैंस के मजेदार कमेंट्स

वीडियो को एक पपाराजी ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर शेयर किया है, जिस पर फैंस के काफी कमेंट्स आ रहे हैं। एक का कमेंट है, 'अब तक का सबसे खूबसूरत वीडियो।' एक और कमेंट है, 'बहुत ही प्यारा विज्ञापन है।' एक ने लिखा, 'भाई और बहन का प्यारा बॉन्ड। इसके बीच कोई नहीं आ सकता।' एक बोला, 'ये हाथ देखकर तारा सिंह याद आ गया।' एक और कमेंट आया, '​सनी पाजी जी का ढाई किलो का हाथ, और ईशा की ढाई किलो की राखी। विरासत इसी को कहते हैं।'

सनी देओल को हमेशा सपोर्ट करती रही हैं बहन ईशा

बता दें कि ईशा देओल, सनी देओल की सौतेली बहन हैं, पर वह उन्हें हमेशा ही सपोर्ट करती नजर आती हैं। हाल ही ईशा ने भाई सनी की फिल्म 'बंटवारा 1947' की तारीफ की थी और सभी से इसे देखने की अपील भी की थी। इससे पहले भी वह सनी देओल की फिल्मों को सपोर्ट करती और उनकी स्क्रीनिंग में नजर आई हैं। वहीं, उन्होंने 'बॉर्डर 2' की स्क्रीनिंग भी रखी थी।

बचपन से बांध रहीं राखी, भाइयों संग मजबूत रिश्ता

ईशा देओल ने कई बार बताया है कि उनका भाई सनी और बॉबी देओल के साथ बहुत ही मजबूत रिश्ता है, और वह दोनों को बचपन से ही राखी बांधती नजर आई हैं। ईशा ने कहा था कि लोग उनके और सनी-बॉबी के रिश्ते के बारे में जानना चाहते हैं, पर वह दुनिया को बताना जरूरी नहीं समझतीं। ईशा, धर्मेंद्र और उनकी दूसरी पत्नी हेमा मालिनी की बेटी हैं।

धर्मेंद्र की दूसरी शादी के बाद बिगड़े थे रिश्ते, पर अब सुधरे

धर्मेंद्र ने पहले से शादीशुदा होने के बावजूद दूसरी शादी की थी। पहली शादी प्रकाश कौर से हुई, जिनसे वह बेटे सनी, बॉबी के अलावा बेटियों अजीता और विजेता के पिता बने। वहीं हेमा मालिनी से शादी के बाद ईशा और आहना के पिता बने थे। बताया जाता है कि धर्मेंद्र की दूसरी शादी के बाद देओल परिवार में दरार आ गई थी, पर अब उनके बीच रिश्ते बेहतर हैं।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0