भारत-नेपाल सीमा पर SSB की बड़ी कार्रवाई, 6.820 किलो चरस के साथ तीन तस्कर गिरफ्तार
62वीं वाहिनी SSB और सिरसिया पुलिस की संयुक्त टीम ने की कार्रवाई, मोटरसाइकिल, दो मोबाइल फोन और 1,640 रुपये भी बरामद
भिनगा। भारत-नेपाल सीमा पर मादक पदार्थों की तस्करी के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान में सशस्त्र सीमा बल (SSB) की 62वीं वाहिनी, भिनगा को महत्वपूर्ण सफलता मिली है। कमांडेंट अमरेन्द्र कुमार वरुण के कुशल दिशा-निर्देशन में वाहिनी की ‘डी’ समवाय, सुईया और उत्तर प्रदेश पुलिस की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए तीन भारतीय व्यक्तियों को गिरफ्तार किया। उनके कब्जे से लगभग 6 किलो 820 ग्राम चरस सहित मोटरसाइकिल, मोबाइल फोन और नकदी बरामद की गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार, 10 अक्टूबर 2026 की रात्रि को विश्वसनीय आसूचना के आधार पर निरीक्षक (सामान्य) रिंगजिन नामग्याल के नेतृत्व में SSB की नाका पार्टी ने थाना सिरसिया पुलिस के साथ संयुक्त अभियान चलाया। पुलिस की ओर से उप निरीक्षक वीरपाल सिंह तोमर एवं मुख्य आरक्षी भगवानदास अभियान में शामिल रहे। संयुक्त टीम ने भचकाही नाका रोड पर तालभगौड़ा मोड़ से लगभग 100 मीटर आगे आम के पेड़ के पास तीन संदिग्ध व्यक्तियों को पकड़कर तलाशी ली। तलाशी के दौरान आरोपितों के कब्जे से लगभग 6 किलो 820 ग्राम चरस, एक पल्सर 125 सीसी मोटरसाइकिल, दो मोबाइल फोन और 1,640 रुपये भारतीय मुद्रा बरामद की गई। प्रारंभिक पूछताछ में पकड़े गए व्यक्तियों ने बताया कि नेपाल के एक अज्ञात व्यक्ति ने उन्हें चरस लाकर दी थी। बरामद मादक पदार्थ की मात्रा को देखते हुए मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। इस संयुक्त अभियान में SSB की ओर से निरीक्षक रिंगजिन नामग्याल, मुख्य आरक्षी वाई.एस. रेड्डी, मुख्य आरक्षी पलानी आर., आरक्षी बोटला नरेंद्र, आरक्षी तेज प्रकाश कुमार तथा आरक्षी सुप्रीत यश शामिल रहे। कमांडेंट अमरेन्द्र कुमार वरुण ने सीमा पर तैनात कार्मिकों को मादक पदार्थों की तस्करी समेत अन्य अवैध गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने, आसूचना तंत्र को मजबूत करने तथा सीमावर्ती क्षेत्रों में सतर्कता एवं निगरानी बनाए रखने के निर्देश दिए हैं। बरामद चरस एवं अन्य सामग्री को अग्रिम कानूनी कार्रवाई के लिए थाना सिरसिया, जनपद श्रावस्ती को सुपुर्द करने की प्रक्रिया जारी है। SSB ने भारत-नेपाल सीमा की सुरक्षा सुनिश्चित करने और तस्करी जैसी अवैध गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण बनाए रखने की अपनी प्रतिबद्धता दोहराई है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0





