JPSC-JSSC Student Protest : JPSC-JSSC अभ्यर्थी न्याय मंच ने आंदोलन खत्म करने का किया ऐलान, दूसरे गुट की आगे की रणनीति पर मंथन जारी
RANCHI : रांची के जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम में जेपीएससी और जेएसएससी परीक्षाओं में कथित धांधली के विरोध में चल रहे छात्र आंदोलन के 26वें दिन आंदोलन में बड़ा बदलाव देखने को मिला. आंदोलन कर रहे छात्रों के एक मंच ने अपना आंदोलन समाप्त करने की घोषणा कर दी, जबकि दूसरे मंच के छात्र आपस में बैठक कर आगे की रणनीति पर चर्चा करते रहे. इस दौरान स्टेडियम परिसर में प्रशासन की भी मुस्तैदी बनी रही.
JPSC-JSSC अभ्यर्थी न्याय मंच ने खत्म किया आंदोलन
जेपीएससी-जेएसएससी अभ्यर्थी न्याय मंच के रामावतार महतो ने आंदोलन समाप्त करने की घोषणा करते हुए कहा कि मंच ने 25 जुलाई से परीक्षा में कथित धांधली के खिलाफ अनिश्चितकालीन सत्याग्रह शुरू किया था. उन्होंने कहा कि सरकार ने मंच की सभी प्रमुख मांगों को मान लिया है. छात्र हित में सरकार की ओर से लिए गए फैसले के लिए मुख्यमंत्री के प्रति आभार जताया.
रामावतार महतो ने कहा कि सरकार का यह फैसला छात्र हित में ऐतिहासिक है. परीक्षा में गड़बड़ी करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की दिशा में उठाए गए कदम से छात्रों को न्याय मिलने की उम्मीद जगी है. उन्होंने कहा कि अब मंच अपना आंदोलन समाप्त कर वापस लौट रहा है.
दूसरे मंच के छात्रों की बैठक जारी
एक मंच द्वारा आंदोलन खत्म करने की घोषणा के बाद आंदोलन स्थल पर छात्रों के बीच मतभेद भी सामने आए हैं. दूसरे मंच से जुड़े छात्र स्टेडियम में बैठक करते रहे. छात्र आपस में चर्चा कर आगे की रणनीति तय करने में जुटे रहे. ऐसे में आंदोलन को लेकर छात्रों के बीच आगे क्या रुख रहेगा, इस पर स्थिति स्पष्ट नहीं हो सकी है.
स्टेडियम में प्रशासन की नजर
छात्र आंदोलन को देखते हुए जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम में प्रशासन की मुस्तैदी बनी हुई है. आंदोलन समाप्त करने की घोषणा के बावजूद प्रशासनिक अधिकारी पूरे घटनाक्रम पर नजर रखे हुए है. दूसरे मंच के छात्रों की बैठक के कारण स्टेडियम परिसर में गतिविधियां जारी है.
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0







