290 खिलाड़ियों और 33 प्रशिक्षकों को ओलंपिक एसोसिएशन ने किया सम्मानित, चाईबासा में मेगा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स की उठी मांग
चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिले की खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने और उनकी उपलब्धियों को सम्मान देने के उद्देश्य से सोमवार को चाईबासा के सनसाइन रेस्टोरेंट में पांचवां खिलाड़ी एवं प्रशिक्षक सम्मान समारोह आयोजित किया गया। पश्चिमी सिंहभूम जिला ओलंपिक एसोसिएशन की ओर से आयोजित इस समारोह में राज्य, राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर पदक जीतने वाले 290 खिलाड़ियों और 33 प्रशिक्षकों को सम्मानित किया गया।
चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिले की खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने और उनकी उपलब्धियों को सम्मान देने के उद्देश्य से सोमवार को चाईबासा के सनसाइन रेस्टोरेंट में पांचवां खिलाड़ी एवं प्रशिक्षक सम्मान समारोह आयोजित किया गया। पश्चिमी सिंहभूम जिला ओलंपिक एसोसिएशन की ओर से आयोजित इस समारोह में राज्य, राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर पदक जीतने वाले 290 खिलाड़ियों और 33 प्रशिक्षकों को सम्मानित किया गया।
समारोह में खिलाड़ियों को सम्मानित कर उनके हौसले को बढ़ाया गया। इस दौरान जिले में खेल सुविधाओं के विस्तार का मुद्दा भी प्रमुखता से उठा। जिला ओलंपिक एसोसिएशन ने चाईबासा में मेगा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स के निर्माण और इनडोर स्टेडियम के लिए जमीन उपलब्ध कराने की मांग रखी।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में झारखंड सरकार के राजस्व मंत्री दीपक बिरुवा उपस्थित रहे। वहीं विशिष्ट अतिथि के रूप में मनोहरपुर विधायक जगत माझी, उपायुक्त मनीष कुमार, एसडीपीओ बहामन टुटी, अंचलाधिकारी उपेंद्र कुमार और समाजसेवी अनिल खिरवाल सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।
कम संसाधनों में भी राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान बना रहे खिलाड़ी : दीपक बिरुवा
समारोह को संबोधित करते हुए राजस्व मंत्री दीपक बिरुवा ने जिले के खिलाड़ियों की उपलब्धियों की सराहना की। उन्होंने कहा कि सीमित संसाधनों के बावजूद पश्चिमी सिंहभूम के खिलाड़ी राज्य, राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं। यह उनकी मेहनत, लगन और समर्पण का परिणाम है। इसके लिए खिलाड़ियों के साथ उनके अभिभावक भी बधाई के पात्र हैं, जो तमाम चुनौतियों के बावजूद बच्चों को आगे बढ़ने के लिए प्रेरित कर रहे हैं।
खेल सुविधाओं के विस्तार की मांग पर मंत्री ने कहा कि इसके लिए जमीन देखी जा रही है। जमीन को अंतिम रूप दिए जाने के बाद खिलाड़ियों की मांगों को पूरा करने की दिशा में पहल की जाएगी।
खेलों का इवेंट कैलेंडर बनाने की जरूरत : विधायक जगत माझी
मनोहरपुर विधायक एवं एसोसिएशन के संरक्षक जगत माझी ने कहा कि जिले में खेल प्रतिभाओं की कमी नहीं है, लेकिन खिलाड़ियों को आगे बढ़ाने के लिए नियमित खेल गतिविधियों का आयोजन जरूरी है। इसके लिए एक व्यवस्थित इवेंट कैलेंडर तैयार किया जाना चाहिए, ताकि अधिक से अधिक प्रतिभावान खिलाड़ियों को अपनी क्षमता दिखाने का अवसर मिल सके।
उन्होंने कहा कि जिले में मजबूत स्पोर्ट्स कल्चर विकसित करने की जरूरत है। पढ़ाई के साथ-साथ खेल को भी समान महत्व दिया जाना चाहिए। इससे आने वाले समय में पश्चिमी सिंहभूम से बेहतर खिलाड़ी निकलकर राज्य और देश का नाम रोशन करेंगे।
खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं देने की दिशा में प्रयासरत प्रशासन : उपायुक्त
उपायुक्त मनीष कुमार ने कहा कि पश्चिमी सिंहभूम में प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है। खिलाड़ियों के बेहतर भविष्य के लिए इनडोर स्टेडियम और आवासीय खेल परिसर जैसी सुविधाओं की आवश्यकता है। इस दिशा में स्थल का निरीक्षण भी किया जा चुका है। मंत्री दीपक बिरुवा के मार्गदर्शन में जल्द ही कई योजनाओं को धरातल पर उतारने का प्रयास किया जाएगा।
उन्होंने खिलाड़ियों से नियमित अभ्यास जारी रखने और बेहतर डाइट, गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण तथा खेल कौशल में सुधार पर ध्यान देने की अपील की। साथ ही अभिभावकों से भी बच्चों को खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित करने का आग्रह किया।
एसोसिएशन ने किया आयोजन
कार्यक्रम का आयोजन पश्चिमी सिंहभूम जिला ओलंपिक एसोसिएशन के अध्यक्ष नितिन प्रकाश और महासचिव अजय कुमार नायक के नेतृत्व में किया गया। समारोह में विभिन्न खेल संघों के पदाधिकारी, खिलाड़ी, प्रशिक्षक और खेल प्रेमी मौजूद रहे। सभी ने जिले में बेहतर खेल आधारभूत संरचना विकसित करने और खिलाड़ियों को अधिक अवसर उपलब्ध कराने पर जोर दिया।
इन खेलों के खिलाड़ियों और प्रशिक्षकों को मिला सम्मान
समारोह में ताइक्वांडो, कराटे, एथलेटिक्स, बैडमिंटन, चेस, जिमनास्टिक, वॉलीबॉल, फुटबॉल, रग्बी फुटबॉल, योगा, बॉक्सिंग, तीरंदाजी और साइकिलिंग सहित विभिन्न खेल विधाओं के खिलाड़ियों को सम्मानित किया गया।
वहीं कराटे, ताइक्वांडो, वॉलीबॉल, जिमनास्टिक, योगा, फुटबॉल, रग्बी फुटबॉल, बॉक्सिंग, चेस, तीरंदाजी और एथलेटिक्स के प्रशिक्षकों को भी सम्मान प्रदान किया गया।
290 खिलाड़ियों और 33 प्रशिक्षकों का सम्मान
इस समारोह में कुल 290 खिलाड़ियों और 33 प्रशिक्षकों को सम्मानित किया गया। खिलाड़ियों की उपलब्धियों ने यह साबित किया कि सीमित संसाधनों के बावजूद पश्चिमी सिंहभूम में खेल प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है। अब जिले के खिलाड़ियों को उम्मीद है कि मेगा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स और इनडोर स्टेडियम की मांग जल्द पूरी होगी, जिससे उन्हें बेहतर प्रशिक्षण और अभ्यास की सुविधाएं मिल सकेंगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0




