अर्जुन मुंडा की मां सायरा मुंडा का 93 साल की उम्र में निधन, संघर्षों से संवारा बेटे का भविष्य
खरसावां: झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा की मां सायरा मुंडा का 93 वर्ष की उम्र में निधन हो गया। उनके निधन से परिवार में शोक की लहर है। सायरा मुंडा सिर्फ एक मां नहीं, बल्कि संघर्ष, सादगी, स्वाभिमान और वात्सल्य की मिसाल थीं। उनके दिए संस्कार और जीवन मूल्य अर्जुन मुंडा के व्यक्तित्व में हमेशा झलकते रहे।
बचपन में पिता का साया उठने के बाद मां ने मेहनत से संभाला परिवार, सादगी और सेवा भाव से बनाई अलग पहचान; मां के आशीर्वाद से शुरू होती थी अर्जुन मुंडा की सुबह
खरसावां: झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा की मां सायरा मुंडा का 93 वर्ष की उम्र में निधन हो गया। उनके निधन से परिवार में शोक की लहर है। सायरा मुंडा सिर्फ एक मां नहीं, बल्कि संघर्ष, सादगी, स्वाभिमान और वात्सल्य की मिसाल थीं। उनके दिए संस्कार और जीवन मूल्य अर्जुन मुंडा के व्यक्तित्व में हमेशा झलकते रहे।
अर्जुन मुंडा की जिंदगी में मां का विशेष स्थान था। वे देश-दुनिया में कहीं भी रहें, सुबह स्नान और पूजा से पहले मां को फोन कर उनका हालचाल जरूर लेते थे। मां का आशीर्वाद उनके लिए दिनभर की ऊर्जा और प्रेरणा का स्रोत था। पर्व-त्योहारों पर मां से आशीर्वाद लेना और उनसे पारंपरिक गीत सुनने की फरमाइश करना भी उनके रिश्ते की खास पहचान थी।
बीमार मां के सामने बांसुरी बजाकर जताया था प्यार
मां और बेटे के भावुक रिश्ते की झलक कई बार सार्वजनिक रूप से देखने को मिली। कुछ समय पहले अर्जुन मुंडा का एक वीडियो सामने आया था, जिसमें वे बीमार मां के बिस्तर के पास बैठकर बांसुरी बजा रहे थे। धुन समाप्त होने के बाद मां ने कांपते हाथों से उनके सिर पर आशीर्वाद रखा था।
वहीं, सायरा मुंडा के 90वें जन्मदिन पर साझा किए गए वीडियो में वे अस्वस्थता के बावजूद करमा पर्व और भगवान श्रीकृष्ण के जन्म से जुड़े पारंपरिक गीत गुनगुनाती नजर आई थीं।
संघर्षों में तपकर मां ने संवारा बेटे का भविष्य
अर्जुन मुंडा के बचपन में ही उनके पिता का निधन हो गया था। इसके बाद सायरा मुंडा ने कठिन परिस्थितियों में मेहनत कर परिवार का पालन-पोषण किया। उन्होंने अपने बच्चों को बेहतर संस्कार दिए और हर मुश्किल में परिवार का सहारा बनी रहीं।
बेटे के मुख्यमंत्री और केंद्रीय मंत्री जैसे महत्वपूर्ण पदों तक पहुंचने के बावजूद सायरा मुंडा ने अपनी सादगी नहीं छोड़ी। वे पैसों का हिसाब रखती थीं और फिजूलखर्ची से दूर रहती थीं। छोटी-छोटी बचत से जरूरतमंदों की मदद करना उनकी आदत थी।
गरीब बेटियों की शादी में सहयोग करना हो या जरूरतमंदों के इलाज में आर्थिक मदद, वे हमेशा आगे रहती थीं। बेटे की राजनीतिक और सामाजिक उपलब्धियों के बीच भी उनकी पहचान एक सादगी पसंद और संवेदनशील महिला के रूप में बनी रही।
सायरा मुंडा के निधन से अर्जुन मुंडा ने अपनी सबसे बड़ी प्रेरणास्रोत और परिवार ने अपना स्नेहिल मार्गदर्शक खो दिया है। उनके संघर्ष, त्याग, ममता और संस्कारों की कहानी लंबे समय तक याद की जाएगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0




