ऑपरेशन रेल प्रहरी के तहत अपहृत 16 वर्षीय किशोरी गया रेलवे स्टेशन से सकुशल बरामद

आरपीएफ की तत्परता से मिली सफलता, वाराणसी पुलिस और परिजनों को सुरक्षित सौंपा गया; महिला जवान की मौजूदगी में हुई काउंसलिंग

Nov 22, 2026 - 20:36
ऑपरेशन रेल प्रहरी के तहत अपहृत 16 वर्षीय किशोरी गया रेलवे स्टेशन से सकुशल बरामद

गयाजी। रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) पोस्ट गया की टीम ने ऑपरेशन रेल प्रहरी के तहत त्वरित कार्रवाई करते हुए अपहरण की गई 16 वर्षीय किशोरी को गया रेलवे स्टेशन से सकुशल बरामद किया। इसके बाद आवश्यक प्रक्रिया पूरी कर किशोरी को वाराणसी के कपसेठी थाना पुलिस और उसके परिजनों को सुरक्षित सुपुर्द कर दिया गया। 21 नवंबर 2026 को आरपीएफ पोस्ट गया के प्रभारी निरीक्षक बनारसी यादव को वाराणसी जिले के कपसेठी थाना के अवर निरीक्षक आयुष कुमार ओझा से सूचना मिली कि खुशी कुमारी (16 वर्ष), पिता रामा चौधरी, निवासी गजेपुर, थाना कपसेठी, जिला वाराणसी (उत्तर प्रदेश) के अपहरण के संबंध में कांड संख्या 163/26, दिनांक 20 नवंबर 2026 को भारतीय न्याय संहिता की धारा 137(2) के तहत मामला दर्ज किया गया है। किशोरी के गया रेलवे स्टेशन पर मौजूद होने की संभावना जताते हुए उसे तलाशने और सुरक्षित बरामद करने का अनुरोध किया गया था। सूचना मिलते ही प्रभारी निरीक्षक बनारसी यादव के निर्देशन में विशेष टीम गठित की गई। इसमें उप निरीक्षक सत्येंद्र कुमार, आरक्षी अमित कुमार, शशि शेखर, रोशन कुमार सहित अन्य जवान शामिल थे। टीम ने स्टेशन परिसर में सघन तलाशी अभियान चलाया। इसी दौरान प्लेटफॉर्म संख्या एक पर मिडिल ब्रिज के नीचे किशोरी दिखाई दी। महिला प्रधान आरक्षी इंदू कुमारी सिन्हा की सहायता से उसे सुरक्षित आरपीएफ पोस्ट गया लाया गया। आरपीएफ टीम ने किशोरी की काउंसलिंग की तथा उसे भोजन और पीने के लिए पानी उपलब्ध कराया। इसकी सूचना कपसेठी थाना पुलिस को दी गई। इसके बाद 22 नवंबर की रात अवर निरीक्षक आयुष कुमार ओझा किशोरी के माता-पिता के साथ आरपीएफ पोस्ट गया पहुंचे। जहां सभी आवश्यक प्रक्रिया पूरी करने के बाद किशोरी को सकुशल अग्रिम कानूनी कार्रवाई के लिए कपसेठी थाना पुलिस एवं उसके परिजनों को सौंप दिया गया। आरपीएफ की तत्परता और मानवीय संवेदनशीलता से एक अपहृत किशोरी को सुरक्षित उसके परिजनों तक पहुंचाने में सफलता मिली।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0