PM मोदी ने पूर्णिया को दी बड़ी सौगात, इलेक्ट्रिक बस सेवा शुरू, 11 लाभार्थियों को मिली घर की चाबी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वैशाली से वर्चुअल माध्यम द्वारा पूर्णिया के थाना चौक स्थित 3 मेगावाट क्षमता वाले इलेक्ट्रिक बस चार्जिंग स्टेशन और पावर सब स्टेशन का उद्घाटन किया। यहां एक साथ 16 बसें चार्ज हो सकेंगी। वहीं प्रधानमंत्री शहरी आवास योजना के 11 लाभार्थियों को घर की चाबी सौंपी गई।
पूर्णिया: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज वैशाली से बिहार को करीब 34 हजार करोड़ रुपये की विभिन्न विकास योजनाओं की सौगात दी। इसी कड़ी में वर्चुअल माध्यम से पूर्णिया में इलेक्ट्रिक बस चार्जिंग स्टेशन और उससे जुड़े पावर सब स्टेशन का उद्घाटन किया गया। इसके साथ ही प्रधानमंत्री शहरी आवास योजना के लाभार्थियों को उनके नए घरों की चाबी भी सौंपी गई।
पूर्णिया के थाना चौक स्थित इलेक्ट्रिक बस चार्जिंग स्टेशन के लिए 3 मेगावाट क्षमता का पावर सब स्टेशन तैयार किया गया है। इस स्टेशन की खासियत यह है कि यहां एक साथ 16 इलेक्ट्रिक बसों को चार्ज किया जा सकेगा। प्रत्येक चार्जिंग पॉइंट की क्षमता 120 किलोवाट निर्धारित की गई है। एक बस को पूरी तरह चार्ज होने में करीब चार घंटे का समय लगेगा।
आज से शुरू हुई इलेक्ट्रिक बसों की सेवा
पूर्णिया जिले को इलेक्ट्रिक बसें भी उपलब्ध कराई गई हैं। अधिकारियों के मुताबिक इन बसों की सेवा आज से शुरू कर दी गई है। इससे शहर में सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को बेहतर बनाने और पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने में मदद मिलने की उम्मीद है।
11 लाभार्थियों को सौंपी गई आवास की चाबी
कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री शहरी आवास योजना के तहत 11 लाभार्थियों को उनके नवनिर्मित घरों की चाबी सौंपी गई। लंबे समय से अपने पक्के घर का इंतजार कर रहे लाभार्थियों के लिए यह खुशी का पल रहा। आवास की चाबी मिलने पर लाभार्थियों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति आभार जताया।
प्रभारी जिला पदाधिकारी ने क्या कहा?
इस मौके पर पूर्णिया के प्रभारी जिला पदाधिकारी मुकेश कुमार मुकुल ने बताया कि प्रधानमंत्री द्वारा वर्चुअल माध्यम से शिक्षा, स्वास्थ्य और इलेक्ट्रिक बस चार्जिंग स्टेशन से जुड़ी योजनाओं का उद्घाटन किया गया है। उन्होंने कहा कि पूर्णिया को इलेक्ट्रिक बसें भी मिली हैं और उनकी सेवा आज से शुरू कर दी गई है।
वहीं, आवास योजना की लाभार्थी सरोज देवी और बबिता देवी ने घर की चाबी मिलने पर खुशी जाहिर की। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री की ओर से उन्हें पक्का मकान मिला है और आज उसकी चाबी भी सौंप दी गई है। इसके लिए उन्होंने प्रधानमंत्री का धन्यवाद किया।
कार्यक्रम के दौरान इलेक्ट्रिक बस सेवा की शुरुआत और आवास योजना के लाभार्थियों को चाबी सौंपना पूर्णिया के विकास की दिशा में महत्वपूर्ण पहल के रूप में सामने आया।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0




