गया कॉलेज के एनएसएस कार्यक्रम पदाधिकारी डॉ. राजेश कुमार मिश्रा करेंगे बिहार दल का नेतृत्व, पूर्व गणतंत्र दिवस शिविर 2026 के लिए चयन

गया कॉलेज, गयाजी के लिए यह अत्यंत गर्व और गौरव का क्षण है। आगामी पूर्व गणतंत्र दिवस शिविर 2026-27 के लिए गया कॉलेज के राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) के कार्यक्रम पदाधिकारी डॉ. राजेश कुमार मिश्र का चयन बिहार राज्य दल के नेतृत्वकर्ता के रूप में किया गया है।

Nov 18, 2026 - 18:12
गया कॉलेज के एनएसएस कार्यक्रम पदाधिकारी डॉ. राजेश कुमार मिश्रा करेंगे बिहार दल का नेतृत्व, पूर्व गणतंत्र दिवस शिविर 2026 के लिए चयन

गयाजी। गया कॉलेज, गयाजी के लिए यह अत्यंत गर्व और गौरव का क्षण है। आगामी पूर्व गणतंत्र दिवस शिविर 2026-27 के लिए गया कॉलेज के राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) के कार्यक्रम पदाधिकारी डॉ. राजेश कुमार मिश्र का चयन बिहार राज्य दल के नेतृत्वकर्ता के रूप में किया गया है। यह संभवतः पहला अवसर है जब मगध विश्वविद्यालय से किसी कार्यक्रम पदाधिकारी को पूर्व गणतंत्र दिवस शिविर में शामिल होने और राज्य के विभिन्न विश्वविद्यालयों से चुने गए 18 स्वयंसेवकों का नेतृत्व करने का ऐतिहासिक अवसर प्राप्त हुआ है। इस प्रतिष्ठित शिविर के लिए बिहार के विभिन्न विश्वविद्यालयों से चयनित 18 स्वयंसेवकों में गया कॉलेज की मेधावी छात्रा नंदनी कुमारी का भी चयन हुआ है, जिससे महाविद्यालय का मान और अधिक बढ़ गया है। प्राप्त विवरण के अनुसार, पूर्व गणतंत्र दिवस शिविर का आयोजन 21 नवंबर से 30 नवंबर 2026 तक उत्तर प्रदेश के आगरा स्थित डॉ. भीमराव अंबेडकर विश्वविद्यालय में किया जाएगा। इस 10 दिवसीय विशेष प्रशिक्षण शिविर में देशभर के चयनित युवा विभिन्न गतिविधियों और प्रशिक्षण से गुजरेंगे। इस शिविर के दौरान उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले स्वयंसेवकों को आगामी गणतंत्र दिवस पर नई दिल्ली के कर्तव्य पथ पर परेड करने का गौरव प्राप्त होगा, जहाँ उन्हें देश के माननीय राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री से मिलने का सौभाग्य भी मिल सकता है। डॉ. राजेश कुमार मिश्रा और छात्रा नंदनी कुमारी की इस उल्लेखनीय उपलब्धि पर पूरे गया महाविद्यालय परिवार और मगध विश्वविद्यालय में हर्षोल्लास का माहौल है। इस अवसर पर मगध विश्वविद्यालय के माननीय कुलपति प्रोफेसर दिलीप कुमार केसरी,एनएसएस समन्वयक डॉ. पिंटू कुमार, गया कॉलेज के प्राचार्य प्रोफेसर सतीश सिंह चंद्र, प्रोफेसर इंचार्ज प्रोफेसर विभा सिंह, बर्सर डॉ मार्कंडेय पांडेय, परीक्षा नियंत्रक डॉ सोमनाथ एवं महाविद्यालय के समस्त शिक्षकों व कर्मियों ने हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ दी हैं। प्राचार्य प्रो. सतीश सिंह चंद्र ने कहा कि डॉ. मिश्र का बतौर टीम लीडर चयन और छात्रा नंदनी कुमारी की सहभागिता न केवल गया कॉलेज बल्कि पूरे मगध विश्वविद्यालय और बिहार राज्य के लिए प्रेरणास्त्रोत है। उन्होंने सभी चयनित प्रतिभागियों के उज्ज्वल भविष्य और शिविर में उत्कृष्ट प्रदर्शन की कामना की है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0