पटना में बिहार सरकार के मंत्री के घर बड़ी चोरी, 600 ग्राम सोना, 2 किलो चांदी और 7 लाख कैश गायब

पटना: बिहार की राजधानी पटना में चोरों ने बिहार सरकार के उच्च शिक्षा मंत्री संजय सिंह टाइगर के निजी आवास को निशाना बनाया है। शास्त्री नगर थाना क्षेत्र के एजी कॉलोनी स्थित उनके घर में चोरों ने लाखों रुपये के सामान पर हाथ साफ कर दिया। जानकारी के अनुसार, चोरी की इस वारदात को 14 और 15 नवंबर की दरम्यानी रात अंजाम दिया गया। घर से करीब 600 ग्राम सोना, 2 किलो चांदी और 7 लाख रुपये नकद चोरी होने की बात सामने आई है।

Nov 16, 2026 - 15:54
Nov 16, 2026 - 15:57

घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक साइंस लैब (FSL) की टीम और डॉग स्क्वायड को भी घटनास्थल पर बुलाया गया। दोनों टीमों ने मौके पर जांच कर जरूरी साक्ष्य जुटाने का प्रयास किया।

पुलिस के अनुसार, घटना से कुछ समय पहले गश्ती दल उस इलाके से गुजरा था, लेकिन उस दौरान किसी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी नहीं मिल सकी। अब पुलिस आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि चोरों की पहचान की जा सके।

वहीं, मामले की जांच के लिए वरीय अधिकारियों के निर्देश पर विशेष टीम का गठन किया गया है। पुलिस चोरी की वारदात से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है और आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है।

इस घटना को लेकर सचिवालय एसडीपीओ-2 साकेत कुमार ने बताया कि पुलिस मामले की जांच में जुटी है। घटनास्थल की जांच फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वायड से कराई गई है। सीसीटीवी फुटेज की भी जांच की जा रही है।

राजधानी के पॉश इलाके में एक मंत्री के निजी आवास में हुई इस चोरी की घटना ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल पुलिस की जांच जारी है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0