झारखंड स्थापना दिवस पखवाड़े का 28 नवंबर को होगा समापन, खेलगांव में सजेगा भव्य समारोह

रांची: झारखंड स्थापना दिवस और राज्य सरकार की दूसरी वर्षगांठ के अवसर पर राज्यभर में 15 दिवसीय कार्यक्रमों की शुरुआत हो चुकी है। 15 नवंबर को 'रन फॉर क्लीनलिनेस' के साथ शुरू हुआ स्थापना दिवस पखवाड़ा 28 नवंबर को रांची के खेलगांव में आयोजित भव्य समारोह के साथ संपन्न होगा। इस दौरान राज्यभर में खेलकूद प्रतियोगिताओं, सांस्कृतिक कार्यक्रमों, स्वच्छता अभियान और जनभागीदारी से जुड़े कई आयोजन किए जाएंगे।

Nov 16, 2026 - 18:12

कार्यक्रम की शुरुआत 15 नवंबर को सुबह 7 बजे राज्य के सभी जिलों में स्वच्छता के संदेश के साथ दौड़ आयोजित कर की गई। विभिन्न जिलों में प्रमुख स्थलों और चौक-चौराहों से दौड़ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। इसका समापन प्रमुख छठ घाटों की साफ-सफाई के साथ हुआ। इस पहल का उद्देश्य लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करना और अभियान में उनकी भागीदारी सुनिश्चित करना है।

स्थापना दिवस पखवाड़े के तहत 17 से 25 नवंबर तक पंचायत, प्रखंड और जिला स्तर पर विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी। इनमें खेलकूद, नाटक, नृत्य-संगीत, निबंध लेखन सहित कई रचनात्मक गतिविधियां शामिल रहेंगी। इन आयोजनों के जरिए स्थानीय प्रतिभाओं को अपनी क्षमता दिखाने का अवसर मिलेगा।

जिला स्तर पर चयनित प्रतिभागियों और टीमों को 26 और 27 नवंबर को रांची के खेलगांव में राज्यस्तरीय प्रतियोगिताओं में शामिल होने का मौका मिलेगा। विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को 28 नवंबर को मुख्य समारोह में सम्मानित किया जाएगा।

खेलगांव में लगेगा मेला, दिखेगी झारखंड की पहचान

26 से 28 नवंबर तक खेलगांव में मेला-सह-प्रदर्शनी का आयोजन किया जाएगा। इसमें विभिन्न सरकारी विभागों के स्टॉल के साथ राज्य के सभी जिलों का एक-एक स्टॉल लगाया जाएगा। यहां लोगों को सरकारी योजनाओं, जनकल्याणकारी कार्यक्रमों और जनोपयोगी सेवाओं की जानकारी मिलेगी। वहीं, जिला स्तरीय स्टॉल पर स्थानीय उत्पादों, पर्यटन स्थलों और आर्थिक गतिविधियों को प्रदर्शित किया जाएगा। इसके अलावा नवाचार और नई पहलों पर आधारित विशेष स्टॉल भी आकर्षण का केंद्र होंगे।

28 नवंबर को योजनाओं की मिलेगी सौगात

राज्य सरकार की दूसरी वर्षगांठ के अवसर पर 28 नवंबर को आयोजित मुख्य समारोह में विभिन्न विकास योजनाओं का उद्घाटन, शिलान्यास और शुभारंभ किया जाएगा। इसके साथ ही सरकारी योजनाओं के लाभुकों के बीच परिसंपत्तियों का वितरण होगा। पंचायत से लेकर राज्य स्तर तक उत्कृष्ट कार्य करने वाले व्यक्तियों और संस्थाओं को भी सम्मानित किया जाएगा।

वहीं, 26 से 28 नवंबर तक प्रतिदिन सांस्कृतिक संध्या का आयोजन होगा। इसमें झारखंड की समृद्ध लोककला, परंपरा और सांस्कृतिक विविधता की झलक देखने को मिलेगी।

सरकार का यह आयोजन स्थापना दिवस के उत्सव को जनभागीदारी, स्वच्छता, स्थानीय प्रतिभाओं के सम्मान और विकास योजनाओं से जोड़ने की पहल के रूप में देखा जा रहा है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0