Jharkhand Foundation Day: स्थापना दिवस पखवाड़े में रांची की 305 पंचायतों में पौधारोपण, 26 नवंबर तक लगेंगे बिजली समस्या समाधान शिविर
रांची: झारखंड राज्य स्थापना दिवस पखवाड़े के तहत रांची जिले में विकास और जनकल्याण से जुड़े कई कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। शिक्षा, पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता, नशामुक्ति, कृषि विकास और महिला सशक्तीकरण को लेकर जिला प्रशासन की ओर से विशेष अभियान चलाया जा रहा है। बुधवार को जिले की सभी 305 ग्राम पंचायतों में पौधारोपण से लेकर किसान प्रशिक्षण, आजीविका सहायता और बिजली उपभोक्ता शिकायत निवारण शिविर जैसी गतिविधियां आयोजित की गईं।
रांची: झारखंड राज्य स्थापना दिवस पखवाड़े के तहत रांची जिले में विकास और जनकल्याण से जुड़े कई कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। शिक्षा, पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता, नशामुक्ति, कृषि विकास और महिला सशक्तीकरण को लेकर जिला प्रशासन की ओर से विशेष अभियान चलाया जा रहा है। बुधवार को जिले की सभी 305 ग्राम पंचायतों में पौधारोपण से लेकर किसान प्रशिक्षण, आजीविका सहायता और बिजली उपभोक्ता शिकायत निवारण शिविर जैसी गतिविधियां आयोजित की गईं।
305 पंचायतों में हुआ पौधारोपण, हरित झारखंड पर जोर
स्थापना दिवस पखवाड़े के तहत जिले की सभी 305 ग्राम पंचायतों में पंचायत भवन, स्कूल, आंगनबाड़ी केंद्र, तालाब और सार्वजनिक स्थलों पर पौधारोपण किया गया। लगाए गए पौधों के संरक्षण की जिम्मेदारी स्थानीय समूहों को सौंपी गई है। वहीं, बेड़ो प्रखंड के केशा पंचायत में प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के लाभुक के नवनिर्मित घर में गृह प्रवेश कार्यक्रम भी आयोजित किया गया।
स्कूली बच्चों को बताई गई झारखंड की गौरव गाथा
शिक्षा विभाग की ओर से जिले के सभी स्कूलों में विद्यार्थियों को झारखंड के इतिहास, राज्य गठन आंदोलन, महापुरुषों, आंदोलनकारियों और समृद्ध आदिवासी संस्कृति की जानकारी दी गई। इस दौरान क्विज प्रतियोगिताओं का भी आयोजन किया गया, ताकि विद्यार्थी राज्य की विरासत और गौरवशाली इतिहास से जुड़ सकें।
किसानों को प्राकृतिक खेती का दिया गया प्रशिक्षण
सोनाहातू प्रखंड की दुलमी पंचायत में खेत बचाओ अभियान और कृषि विस्तार योजना के तहत किसानों के लिए दो दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें किसानों को मिट्टी जांच, संतुलित उर्वरक उपयोग, बीजोपचार और प्राकृतिक खेती की तकनीकों की जानकारी दी गई।
प्रशिक्षण के दौरान बीजामृत, जीवामृत, निमास्त्र, अग्न्यास्त्र, ब्रह्मास्त्र और दशपर्णी अर्क तैयार करने एवं इस्तेमाल करने की विधि बताई गई। साथ ही छाछ के माध्यम से फसलों में कीट और बीमारियों को नियंत्रित करने के तरीके भी सिखाए गए।
महिला समूहों और गरीब परिवारों को आजीविका सहायता
झारखंड स्टेट लाइवलीहुड प्रमोशन सोसाइटी (JSLPS) की ओर से जिले के विभिन्न प्रखंडों में महिला सशक्तीकरण और ग्रामीण आजीविका को बढ़ावा देने के लिए कई गतिविधियां संचालित की गईं।
-
बुंडू के दलकीडीह गांव में 16 किसानों को मटर बीज और पोषण वाटिका किट दी गई।
-
राहे प्रखंड में समावेशी आजीविका योजना के तहत 1,000 अति गरीब परिवारों का चयन किया गया।
-
719 परिवारों को 1,500 रुपये प्रति परिवार की दर से उपभोग सहायता अनुदान दिया गया।
-
805 परिवारों को किचन गार्डन किट उपलब्ध कराई गई।
-
जिले के विभिन्न प्रखंडों में 425 बकरियों का टीकाकरण किया गया।
-
कांके प्रखंड के नेवरी CLF को 32 लाख रुपये की सामुदायिक निवेश निधि दी गई।
-
लगभग 1,506 लाभार्थियों का आधार आधारित e-KYC पूरा किया गया।
इसके अलावा स्वयं सहायता समूहों और ग्राम संगठनों की वित्तीय व्यवस्था मजबूत करने के लिए विशेष शिविर और बैठकें भी आयोजित की गईं।
26 नवंबर तक बिजली उपभोक्ताओं के लिए विशेष शिविर
स्थापना दिवस पखवाड़े के अवसर पर विद्युत आपूर्ति अंचल रांची की ओर से 26 नवंबर तक विशेष जनसमस्या निवारण शिविर लगाए जा रहे हैं। इन शिविरों का समय सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक निर्धारित किया गया है।
उपभोक्ता नए बिजली कनेक्शन, बिल में सुधार, बिजली बिल नहीं मिलने, मोबाइल नंबर अपडेट, खराब ट्रांसफॉर्मर और बिजली के पोल से जुड़ी समस्याओं के समाधान के लिए शिविर में पहुंच सकते हैं।
कहां और कब लगेंगे बिजली शिविर?
-
18 नवंबर: पुंदाग, कोकर ग्रामीण, कुचु पंचायत भवन और रातू रोड।
-
19 नवंबर: डोरंडा, टकरगांव, लालपुर, सुरसू और ईटकी।
-
20 नवंबर: रांची पॉलिटेक्निक, पहाड़ी न्यू मार्केट, मोरहाबादी, नेवरी, ब्रांबे और खूंटी।
-
21 नवंबर: सैनिक मार्केट, तुपुदाना, पिठोरिया, कोकर और चान्हो।
-
22 नवंबर: सेवा सदन, चुटिया पावर हाउस चौक और बुढ़मू।
-
23 नवंबर: अशोक नगर, एचईसी कार्यालय, हुसिर, जानुमपीड़ी और बोबेरा।
-
24 नवंबर: जगन्नाथ सिंह मैदान, चान्हो और खूंटी।
-
25 नवंबर: चंदरी, करकट्टा, तेमार, रातू रोड और अड़की।
-
26 नवंबर: हरमू, तुपुदाना, कचहरी, कोकर, बुंडू, खलारी और कर्रा।
खराब चापाकलों की मरम्मत और स्वच्छता अभियान
पेयजल एवं स्वच्छता विभाग की ओर से जिले में स्वच्छता को लेकर जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इसके साथ ही खराब चापाकलों की मरम्मत भी कराई जा रही है, ताकि ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध हो सके।
जिला प्रशासन का कहना है कि स्थापना दिवस पखवाड़े के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण, शिक्षा, कृषि, महिला सशक्तीकरण और बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करने की दिशा में लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0




