Jharkhand SIR: पात्र नागरिकों का नाम वोटर लिस्ट में जोड़ने के निर्देश, 22 दिसंबर को होगा अंतिम प्रकाशन
रांची: झारखंड में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार ने सभी जिला निर्वाचन पदाधिकारियों और निर्वाचक निबंधन पदाधिकारियों को अहम निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा है कि राज्य के सभी पात्र भारतीय नागरिकों का नाम मतदाता सूची में शामिल करना सुनिश्चित किया जाए। इसके लिए डोर-टू-डोर वेरिफिकेशन कर आवश्यक दस्तावेज प्राप्त करने और जरूरत पड़ने पर सक्षम पदाधिकारी के स्तर से दस्तावेज निर्गत कराने की कार्रवाई की जाए।
रांची: झारखंड में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार ने सभी जिला निर्वाचन पदाधिकारियों और निर्वाचक निबंधन पदाधिकारियों को अहम निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा है कि राज्य के सभी पात्र भारतीय नागरिकों का नाम मतदाता सूची में शामिल करना सुनिश्चित किया जाए। इसके लिए डोर-टू-डोर वेरिफिकेशन कर आवश्यक दस्तावेज प्राप्त करने और जरूरत पड़ने पर सक्षम पदाधिकारी के स्तर से दस्तावेज निर्गत कराने की कार्रवाई की जाए।
गुरुवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से आयोजित बैठक में के. रवि कुमार ने SIR के तहत मतदाता सूची से जुड़े कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने बताया कि फील्ड वेरिफिकेशन के दौरान कई ऐसे पात्र भारतीय नागरिक सामने आए हैं, जिन्होंने अब तक मतदाता सूची में अपना नाम सुनिश्चित नहीं कराया है। वहीं, ड्राफ्ट मतदाता सूची में शामिल कुछ मतदाताओं को दस्तावेज जमा करने के लिए नोटिस जारी किए गए थे, लेकिन उन्होंने अब तक जरूरी दस्तावेज उपलब्ध नहीं कराए हैं।
नोटिस पाने वाले मतदाताओं से घर-घर संपर्क के निर्देश
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि ऐसे मतदाताओं से डोर-टू-डोर संपर्क कर आवश्यक दस्तावेज प्राप्त किए जाएं। जिन पात्र नागरिकों के पास जरूरी दस्तावेज उपलब्ध नहीं हैं, उनके मामले में नियमानुसार सक्षम पदाधिकारी के स्तर से दस्तावेज जारी कराने की कार्रवाई की जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि कोई भी पात्र भारतीय नागरिक मतदाता सूची में नाम शामिल होने से वंचित नहीं रहना चाहिए।
ASDD सूची में शामिल मतदाताओं को मिलेगा दोबारा मौका
के. रवि कुमार ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग ने किसी कारणवश ASDD सूची में शामिल हुए मतदाताओं को एक बार फिर इन्यूमरेशन फॉर्म भरने का अवसर दिया है। सभी जिलों को ऐसे मतदाताओं से दोबारा संपर्क कर फॉर्म भरवाने का प्रयास करने का निर्देश दिया गया है, ताकि पात्र मतदाताओं का नाम सूची में शामिल किया जा सके।
22 दिसंबर को जारी होगी अंतिम मतदाता सूची
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने बताया कि मतदाता सूची के गहन पुनरीक्षण के लिए अतिरिक्त समय दिया गया है। अब अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन 22 दिसंबर को किया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों से इस अतिरिक्त समय का उपयोग करते हुए प्रत्येक घर और पात्र नागरिक तक पहुंचने को कहा।
उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि ड्राफ्ट मतदाता सूची में शामिल किसी भी मतदाता का नाम बिना डोर-टू-डोर वेरिफिकेशन और निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी की ओर से कारण सहित आदेश पारित किए अंतिम मतदाता सूची से नहीं हटाया जाए।
बैठक में अपर मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी सुबोध कुमार, उप निर्वाचन पदाधिकारी धीरज कुमार ठाकुर, अवर निर्वाचन पदाधिकारी सुनील कुमार समेत सभी जिलों के निर्वाचन पदाधिकारी और संबंधित अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से उपस्थित रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0




