रांची में SSC की परीक्षाओं को लेकर प्रशासन अलर्ट, 3 परीक्षा केंद्रों के 200 मीटर के दायरे में निषेधाज्ञा लागू

रांची: राजधानी रांची में प्रतियोगी परीक्षाओं के आयोजन को लेकर जिला प्रशासन ने सुरक्षा और विधि-व्यवस्था की तैयारी तेज कर दी है। कर्मचारी चयन आयोग (SSC) की ओर से 23 नवंबर से 1 दिसंबर 2026 तक तीन अलग-अलग परीक्षाएं आयोजित की जाएंगी। इन परीक्षाओं को शांतिपूर्ण और कदाचार मुक्त संपन्न कराने के लिए रांची के तीन परीक्षा केंद्रों के 200 मीटर के दायरे में निषेधाज्ञा लागू कर दी गई है।

Nov 18, 2026 - 12:56
रांची में SSC की परीक्षाओं को लेकर प्रशासन अलर्ट, 3 परीक्षा केंद्रों के 200 मीटर के दायरे में निषेधाज्ञा लागू

रांची: राजधानी रांची में प्रतियोगी परीक्षाओं के आयोजन को लेकर जिला प्रशासन ने सुरक्षा और विधि-व्यवस्था की तैयारी तेज कर दी है। कर्मचारी चयन आयोग (SSC) की ओर से 23 नवंबर से 1 दिसंबर 2026 तक तीन अलग-अलग परीक्षाएं आयोजित की जाएंगी। इन परीक्षाओं को शांतिपूर्ण और कदाचार मुक्त संपन्न कराने के लिए रांची के तीन परीक्षा केंद्रों के 200 मीटर के दायरे में निषेधाज्ञा लागू कर दी गई है।

इस संबंध में अनुमंडल दंडाधिकारी, सदर रांची कुमार रजत ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 163 के तहत आदेश जारी किया है। यह आदेश 23 नवंबर से 1 दिसंबर 2026 तक प्रतिदिन सुबह 6:30 बजे से रात 9 बजे तक प्रभावी रहेगा।

तीन परीक्षाओं का होगा आयोजन

जिला जनसंपर्क कार्यालय की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, कर्मचारी चयन आयोग (पूर्वी क्षेत्र), कोलकाता की ओर से रांची के तीन परीक्षा केंद्रों पर तीन परीक्षाएं आयोजित की जाएंगी। इनमें Sub-Inspector in Delhi Police and Central Armed Police Forces Examination, 2026, Sub-Inspector in Delhi Police and CAPFS Examination, 2025 और Junior Engineer (Telecommunication) Examination, 2026 शामिल हैं।

परीक्षाओं के सुचारू संचालन के लिए उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी मंजूनाथ भजंत्री के आदेश पर परीक्षा केंद्रों में पुलिस बल, पुलिस पदाधिकारी और दंडाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति भी की गई है।

परीक्षा केंद्रों के आसपास पांच या अधिक लोगों के जुटने पर रोक

प्रशासन को आशंका है कि परीक्षा केंद्रों के आसपास असामाजिक तत्व भीड़ जुटाकर विधि-व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश कर सकते हैं। इसी को देखते हुए परीक्षा केंद्रों के 200 मीटर के दायरे में पांच या पांच से अधिक व्यक्तियों के एक जगह जमा होने पर रोक लगाई गई है। हालांकि, सरकारी कार्य में लगे पदाधिकारियों और कर्मचारियों, सरकारी कार्यक्रमों तथा शवयात्रा को इससे छूट दी गई है।

इसके अलावा बिना अनुमति ध्वनि विस्तारक यंत्रों के इस्तेमाल पर रोक लगाई गई है। किसी भी प्रकार के आग्नेयास्त्र, जैसे बंदूक, राइफल, रिवॉल्वर, बम और बारूद लेकर चलने पर प्रतिबंध रहेगा। लाठी-डंडा, तीर-धनुष, गड़ासा और भाला जैसे हरवे-हथियार लेकर चलने की भी मनाही होगी। सरकारी कार्य में लगे पदाधिकारियों और कर्मचारियों को इन प्रतिबंधों से छूट दी गई है।

इसके साथ ही परीक्षा केंद्रों के आसपास किसी भी प्रकार की बैठक या आमसभा आयोजित करने की अनुमति नहीं होगी।

रांची के इन तीन परीक्षा केंद्रों पर लागू रहेगा आदेश

  1. Capstone Tech Online Examination Centre: आउटर रिंग रोड, नेशनल लॉ यूनिवर्सिटी के पास, सुनैना बैंक्वेट हॉल के सामने, कांके, रांची।

  2. Ideal International School: शिव मंदिर के पास, दलादिली, रांची।

  3. SDZ Infotech-1: रामपुर, गांरके, झारखंड।

जिला प्रशासन ने परीक्षा के दौरान शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक इंतजाम किए हैं। परीक्षार्थियों और आम लोगों से प्रशासनिक निर्देशों का पालन करने की अपील की गई है।

जन शिकायत के लिए व्हाट्सएप नंबर

रांची जिला प्रशासन ने जन शिकायतों के लिए आधिकारिक व्हाट्सएप नंबर 9430328080 भी जारी किया है। इस नंबर पर लोग अपनी शिकायत दर्ज करा सकते हैं।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0