झारखंड में JPSC का नेतृत्व खाली, 1,645 पदों पर भर्ती ठप; युवाओं का इंतजार कब होगा खत्म?

रांची: झारखंड में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे हजारों युवाओं का इंतजार लगातार लंबा होता जा रहा है। झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) में अध्यक्ष और तीनों सदस्यों के पद खाली होने के कारण नियुक्ति प्रक्रिया प्रभावित है। स्थिति यह है कि आयोग के माध्यम से होने वाली करीब 1,645 पदों पर बहाली का रास्ता अब तक साफ नहीं हो पाया है।

Nov 17, 2026 - 17:32

दरअसल, JPSC के तत्कालीन अध्यक्ष एल. खियांग्ते ने 22 जुलाई 2026 को अपने पद से इस्तीफा दे दिया था। इसके बाद 9 अगस्त को आयोग के तीनों सदस्य अजिता भट्टाचार्य, अनीमा हांसदा और जमाल अहमद ने भी इस्तीफा दे दिया। तब से आयोग में शीर्ष नेतृत्व के पद खाली हैं।

हाईकोर्ट की समय-सीमा भी हुई खत्म

JPSC में नियुक्तियों को लेकर झारखंड हाईकोर्ट ने 10 सितंबर को राज्य सरकार को दो महीने के भीतर अध्यक्ष और सदस्यों की नियुक्ति प्रक्रिया पूरी करने का निर्देश दिया था। इसके लिए 10 नवंबर तक की समय-सीमा तय की गई थी। हालांकि, निर्धारित समय बीत जाने के बाद भी नियुक्तियां नहीं हो सकी हैं।

अब इस मामले में राज्य सरकार को 18 नवंबर तक अनुपालन रिपोर्ट दाखिल करनी है। हाईकोर्ट में 19 नवंबर को अगली सुनवाई निर्धारित है। ऐसे में अभ्यर्थियों की नजर अब अदालत की अगली सुनवाई और सरकार के जवाब पर टिकी है।

1,645 पदों पर भर्ती का इंतजार

झारखंड विधानसभा में पेश की गई एक्शन टेकन रिपोर्ट के अनुसार, JPSC के माध्यम से कुल 1,645 पदों पर नियुक्तियां होनी हैं। इनमें 798 पदों के लिए विज्ञापन जारी हो चुका है, जबकि 847 पदों पर नियुक्ति के लिए विज्ञापन जारी करने की प्रक्रिया लंबित है।

आयोग में अध्यक्ष और सदस्यों की नियुक्ति नहीं होने से नई भर्तियों के विज्ञापन, परीक्षाओं और लंबित चयन प्रक्रियाओं पर असर पड़ रहा है। कई प्रतियोगी परीक्षाएं भी प्रभावित हुई हैं।

अब युवाओं को सरकार के फैसले का इंतजार

सरकारी नौकरी की तैयारी में जुटे अभ्यर्थियों के लिए JPSC में नेतृत्व का खाली होना बड़ी चिंता का विषय बन गया है। वर्षों की मेहनत और तैयारी के बाद भी उन्हें भर्ती प्रक्रिया आगे बढ़ने का इंतजार करना पड़ रहा है। अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि राज्य सरकार आयोग में नियुक्तियां कब पूरी करेगी और 1,645 पदों पर बहाली की प्रक्रिया आखिर कब शुरू होगी?

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0