सरकारी विद्यालयों के विद्यार्थियों को बेहतर शिक्षा और मार्गदर्शन देगा ‘संकल्प संध्या’ अभियान : डॉ. प्रेम कुमार, 17 नवंबर से 31 मार्च तक चलेंगी संध्या कक्षाएं

बिहार विधानसभा अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार ने मंगलवार को सरस्वती विद्या निकेतन मॉडल स्कूल, महावीर इंटर कॉलेज, गया में शिक्षा विभाग की ओर से आयोजित ‘संकल्प संध्या’ कार्यक्रम का शुभारंभ किया।

Nov 17, 2026 - 18:20
सरकारी विद्यालयों के विद्यार्थियों को बेहतर शिक्षा और मार्गदर्शन देगा ‘संकल्प संध्या’ अभियान : डॉ. प्रेम कुमार, 17 नवंबर से 31 मार्च तक चलेंगी संध्या कक्षाएं

गयाजी। बिहार विधानसभा अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार ने मंगलवार को सरस्वती विद्या निकेतन मॉडल स्कूल, महावीर इंटर कॉलेज, गया में शिक्षा विभाग की ओर से आयोजित ‘संकल्प संध्या’ कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि शिक्षा किसी भी समाज और राष्ट्र के विकास की सबसे मजबूत नींव है। किसी बच्चे की आर्थिक स्थिति उसकी प्रतिभा और सपनों के रास्ते में बाधा नहीं बननी चाहिए। इसी सोच के साथ बिहार सरकार ने सरकारी विद्यालयों के विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और अतिरिक्त शैक्षणिक सहयोग उपलब्ध कराने के लिए ‘संकल्प संध्या’ की महत्वपूर्ण पहल की है। डॉ. प्रेम कुमार ने बताया कि इस कार्यक्रम के तहत बिहार के सभी 38 जिला मुख्यालयों में चयनित सरकारी विद्यालयों में कक्षा नौवीं से बारहवीं तक के विद्यार्थियों के लिए 17 नवंबर 2026 से 31 मार्च 2027 तक संध्या कक्षाएं संचालित की जाएंगी। प्रत्येक जिला मुख्यालय में न्यूनतम एक और अधिकतम तीन विद्यालयों में यह व्यवस्था लागू होगी। कक्षाओं का संचालन प्रतिदिन शाम पांच बजे से 7:30 बजे तक किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस पहल का मुख्य उद्देश्य कमजोर शैक्षणिक पृष्ठभूमि और आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के विद्यार्थियों को निःशुल्क अतिरिक्त शिक्षा उपलब्ध कराना है। इसके तहत अंग्रेजी, गणित, विज्ञान, कंप्यूटर साइंस और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस जैसे महत्वपूर्ण विषयों की पढ़ाई कराई जाएगी। विद्यार्थियों को बेहतर शिक्षण सुविधा देने के लिए डिजिटल संसाधनों और स्मार्ट बोर्ड का भी उपयोग किया जाएगा। उन्होंने बताया कि इस योजना में समाज की सहभागिता को भी प्राथमिकता दी गई है। सरकारी शिक्षकों के साथ 70 वर्ष से कम आयु के इच्छुक सेवानिवृत्त आईएएस, बीएएस, बीईएस एवं अन्य सरकारी सेवाओं के पदाधिकारी स्वैच्छिक रूप से विद्यार्थियों को मार्गदर्शन दे सकेंगे। अनुभवी अधिकारियों और शिक्षाविदों का अनुभव विद्यार्थियों के भविष्य निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। डॉ. कुमार ने शिक्षकों से अपील की कि वे इसे महज अतिरिक्त कक्षा नहीं, बल्कि बच्चों का भविष्य संवारने का महत्वपूर्ण दायित्व समझें। शिक्षकों को प्रत्येक तीन दिन पर क्षतिपूर्ति अवकाश देने का भी प्रावधान किया गया है। वहीं, जिला शिक्षा पदाधिकारियों को विद्यालयों के चयन, कक्षाओं के नियमित संचालन, विद्यार्थियों की उपस्थिति और शैक्षणिक प्रगति की लगातार समीक्षा करने की जिम्मेदारी सौंपी गई है। उन्होंने कहा कि ‘संकल्प संध्या’ केवल एक शैक्षणिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि समान अवसर, सामाजिक न्याय और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा की दिशा में सार्थक पहल है। सरकार का लक्ष्य है कि सरकारी विद्यालयों में पढ़ने वाला प्रत्येक बच्चा आधुनिक तकनीक और बेहतर मार्गदर्शन से जुड़ सके। आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के बच्चे भी डॉक्टर, इंजीनियर, वैज्ञानिक और प्रशासनिक अधिकारी बनकर राज्य एवं देश के विकास में योगदान दें। उन्होंने छात्र-छात्राओं से इस अवसर का भरपूर लाभ उठाने, नियमित रूप से कक्षाओं में उपस्थित रहने तथा अनुशासन, परिश्रम और आत्मविश्वास के साथ पढ़ाई करने की अपील की। उन्होंने कहा कि सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं होता। निरंतर प्रयास और दृढ़ संकल्प ही सफलता की असली कुंजी है। इस अवसर पर डॉ. प्रेम कुमार ने बिहार सरकार, शिक्षा विभाग, जिला शिक्षा पदाधिकारियों, शिक्षकों और अभियान से जुड़ने वाले स्वयंसेवी शिक्षाविदों को इस पहल के लिए बधाई दी। उन्होंने विश्वास जताया कि ‘संकल्प संध्या’ बिहार के शैक्षणिक वातावरण को नई दिशा देने के साथ सरकारी विद्यालयों के विद्यार्थियों के लिए बेहतर भविष्य के अवसर उपलब्ध कराएगा। कार्यक्रम में जिला शिक्षा पदाधिकारी कृष्णा मुरारी गुप्ता, जिला कार्यक्रम पदाधिकारी गौरव राज, जिला कार्यक्रम पदाधिकारी नित्यम गौरव, उप प्राचार्य डॉ. संगीता पांडेय, प्रभारी प्राचार्या सरोज देवी, विनोद दांगी, राजनंदन गांधी, विराज कुमार, शिवेंद्र मालवीय सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0