स्थापना पखवाड़ा में 1.62 लाख किशोरियों ने लिया हिस्सा, 60 परिवारों को मिला पक्का मकान; हरित झारखंड अभियान को मिली रफ्तार

रांची: झारखंड राज्य स्थापना दिवस समारोह पखवाड़ा-2026 के तहत राज्यभर में महिला सशक्तिकरण, शिक्षा, पर्यावरण संरक्षण और ग्रामीण विकास से जुड़ी गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। बुधवार को आयोजित किशोरी सशक्तिकरण दिवस में राज्यभर के 1,62,837 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। वहीं, लातेहार में विभिन्न आवास योजनाओं के तहत 60 परिवारों को नए घरों में गृह प्रवेश कराया गया।

Nov 19, 2026 - 10:35
स्थापना पखवाड़ा में 1.62 लाख किशोरियों ने लिया हिस्सा, 60 परिवारों को मिला पक्का मकान; हरित झारखंड अभियान को मिली रफ्तार

रांची: झारखंड राज्य स्थापना दिवस समारोह पखवाड़ा-2026 के तहत राज्यभर में महिला सशक्तिकरण, शिक्षा, पर्यावरण संरक्षण और ग्रामीण विकास से जुड़ी गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। बुधवार को आयोजित किशोरी सशक्तिकरण दिवस में राज्यभर के 1,62,837 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। वहीं, लातेहार में विभिन्न आवास योजनाओं के तहत 60 परिवारों को नए घरों में गृह प्रवेश कराया गया।

'विरासत, प्रगति और आकांक्षाओं का उत्सव' थीम के तहत आयोजित कार्यक्रमों में किशोरियों को शिक्षा, स्वास्थ्य, पोषण, स्वच्छता और बाल विवाह रोकथाम के प्रति जागरूक किया गया। इसके साथ ही पौधारोपण, किसान प्रशिक्षण, स्वयं सहायता समूहों को आर्थिक सहायता और जनसमस्या समाधान शिविरों का भी आयोजन हुआ।

1.62 लाख से अधिक किशोरियों को किया गया जागरूक

महिला, बाल विकास एवं सामाजिक सुरक्षा विभाग की ओर से आयोजित किशोरी सशक्तिकरण दिवस में सावित्रीबाई फुले किशोरी समृद्धि योजना पर विशेष जोर दिया गया। इस दौरान किशोरियों के साथ बैठक और समूह सम्मेलन आयोजित किए गए। पात्र लाभुकों की पहचान के साथ टेक होम राशन (THR) का वितरण भी किया गया।

कार्यक्रम में एनीमिया से बचाव, व्यक्तिगत स्वच्छता, संतुलित आहार और नियमित शिक्षा के महत्व की जानकारी दी गई। हजारीबाग और लातेहार समेत विभिन्न जिलों में योजना का लाभ लेने के लिए आवेदन संबंधी सहायता भी उपलब्ध कराई गई।

305 पंचायतों में पौधारोपण, हरित झारखंड पर जोर

पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के लिए रांची जिले की 305 ग्राम पंचायतों सहित लातेहार, हजारीबाग और दुमका में पौधारोपण अभियान चलाया गया। पंचायत भवनों, विद्यालयों, आंगनबाड़ी केंद्रों, तालाबों और सार्वजनिक स्थलों पर पौधे लगाए गए।

पौधों की देखभाल की जिम्मेदारी स्थानीय समूहों, स्वयं सहायता समूहों और युवाओं को सौंपी गई। लातेहार में उपायुक्त ने पीएम श्री कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय, मनिका में आंवले का पौधा लगाया।

किसानों को मसूर बीज और आधुनिक खेती की जानकारी

कृषि विकास को बढ़ावा देने के लिए लातेहार के सरयू प्रखंड में किसानों के बीच मसूर बीज का वितरण किया गया। साथ ही खेत बचाओ अभियान चलाकर किसानों को मिट्टी जांच, मृदा स्वास्थ्य कार्ड, संतुलित उर्वरक के इस्तेमाल और फसल विविधीकरण की जानकारी दी गई। रांची के सोनाहातू और दुमका में भी किसानों के लिए प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए गए।

महिला समूहों को 32 लाख रुपये की सहायता

महिलाओं को स्वरोजगार और आजीविका से जोड़ने के लिए रांची में स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से मटर बीज, पोषण वाटिका किट और सामुदायिक निवेश निधि का वितरण किया गया। कांके में एक क्लस्टर फेडरेशन को 32 लाख रुपये की सामुदायिक निवेश निधि उपलब्ध कराई गई।

इसके अलावा बकरी टीकाकरण और आधार आधारित ई-केवाईसी अभियान भी चलाया गया।

60 परिवारों को मिला नए घर का तोहफा

आवास योजनाओं के तहत लातेहार में 60 पूर्ण आवासों में लाभुक परिवारों को गृह प्रवेश कराया गया। इनमें प्रधानमंत्री आवास योजना, अबुआ आवास, पीएम जनमन और बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर आवास योजना के लाभुक शामिल हैं। रांची और हजारीबाग में भी आवास योजना के लाभुकों ने अपने नए घरों में प्रवेश किया।

बिजली और पानी से जुड़ी समस्याओं के समाधान के लिए शिविर

जनसमस्याओं के त्वरित समाधान के लिए रांची, दुमका और लातेहार में बिजली उपभोक्ताओं के लिए शिविर लगाए गए। वहीं, जलसहियाओं ने एफटीके किट के माध्यम से जल स्रोतों की गुणवत्ता की जांच की।

लातेहार में स्वच्छता अभियान, डिजिटल लेन-देन को लेकर जागरूकता और श्रमिकों को सरकारी योजनाओं की जानकारी देने के लिए भी कार्यक्रम आयोजित किए गए।

इसके अलावा विभिन्न जिलों के विद्यालयों में निबंध, चित्रकला, हस्तकला, क्विज और प्रश्नमंच प्रतियोगिताओं का आयोजन हुआ। इन गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों को झारखंड के इतिहास, महापुरुषों, आंदोलनकारियों और सांस्कृतिक विरासत से परिचित कराया गया।

स्थापना दिवस पखवाड़े के तहत आयोजित इन कार्यक्रमों का उद्देश्य सरकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना, ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करना और शिक्षा, महिला सशक्तिकरण एवं पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देना है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0