वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने एनसीसी कैडेटों का बढ़ाया उत्साह, अनुशासन और राष्ट्रसेवा का दिया संदेश
लखौली प्रशिक्षण केंद्र में 500 कैडेटों से किया संवाद, उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले कैडेटों को दी प्रोत्साहन राशि
रायपुर। छत्तीसगढ़ के वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने बुधवार को रायपुर एनसीसी ग्रुप के अंतर्गत लखौली स्थित एनसीसी प्रशिक्षण केंद्र का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने एनसीसी कैडेटों से संवाद कर उनका उत्साहवर्धन किया तथा अनुशासन, नेतृत्व, ईमानदारी और राष्ट्रसेवा के महत्व पर प्रकाश डाला। प्रशिक्षण केंद्र पहुंचने पर ग्रुप कमांडर ब्रिगेडियर साई प्रसाद सिस्टला (सेना मेडल) ने मंत्री का गर्मजोशी से स्वागत किया। इस अवसर पर एनसीसी कैडेटों ने उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर देकर सम्मानित किया। इसके बाद वित्त मंत्री ने छत्तीसगढ़ के एनसीसी कैडेटों द्वारा विकसित विभिन्न प्रशिक्षण नवाचारों और गतिविधियों का अवलोकन किया। उन्हें एनसीसी के उद्देश्यों, प्रशिक्षण कार्यक्रमों एवं विभिन्न पहलों की जानकारी भी दी गई। इस दौरान उन्होंने 'एक पेड़ मां के नाम' अभियान के तहत पौधारोपण भी किया। कैडेटों को संबोधित करते हुए ओपी चौधरी ने कहा कि एनसीसी जिम्मेदार, अनुशासित और देशभक्त नागरिकों के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। उन्होंने चरित्र निर्माण, नेतृत्व क्षमता, आत्मानुशासन, आपसी भाईचारे और राष्ट्रसेवा की भावना को जीवन में अपनाने का आह्वान किया। उन्होंने कैडेटों को एनसीसी के माध्यम से मिलने वाले अवसरों का अधिकतम लाभ उठाकर आत्मविश्वासी और जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए प्रेरित किया। वित्त मंत्री ने एनसीसी अधिकारियों, एसोसिएट एनसीसी अधिकारियों (एएनओ) और प्रशिक्षण कर्मचारियों के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि युवाओं में नैतिक मूल्यों, नेतृत्व क्षमता और राष्ट्रीय जिम्मेदारी की भावना विकसित करना बेहद जरूरी है। इस अवसर पर प्रशिक्षण के दौरान विभिन्न गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले कैडेटों को चेक के माध्यम से वित्तीय प्रोत्साहन राशि प्रदान की गई। कार्यक्रम में लगभग 500 एनसीसी कैडेटों के साथ रायपुर के एनसीसी अधिकारी, एएनओ और प्रशिक्षण स्टाफ उपस्थित रहे। दौरे के अंतिम चरण में मंत्री ने लखौली स्थित एनसीसी प्रशिक्षण केंद्र के बुनियादी ढांचे का जायजा लिया। अधिकारियों ने उन्हें प्रशिक्षण केंद्र के आवश्यक उन्नयन एवं आधारभूत सुविधाओं के विकास की जरूरतों से अवगत कराया। यह संवाद कैडेटों के लिए प्रेरणादायक रहा और युवाओं में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता तथा राष्ट्रनिर्माण की भावना को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण साबित हुआ।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0




