अक्षय नवमी पर विधि-विधान से हुआ कन्या पूजन, भंडारे में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़
आठ वर्षों से लगातार हो रहा आयोजन, कन्याओं ने ग्रहण किया प्रसाद; मेयर और नगर आयुक्त को अंगवस्त्र एवं भगवान श्रीविष्णु का चरण चिह्न देकर किया सम्मानित
गयाजी। नगर निगम क्षेत्र के वार्ड संख्या 51 अंतर्गत ईश्वर चौधरी हॉल्ट के समीप कुर्मी टोला देवी स्थान में अक्षय नवमी के पावन अवसर पर बुधवार को कन्या पूजन एवं भव्य भंडारे का आयोजन किया गया। इस अवसर पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। पूरे परिसर में भक्तिमय माहौल बना रहा और लोगों ने उत्साहपूर्वक धार्मिक आयोजन में भाग लिया। कार्यक्रम में वार्ड संख्या 51 के पार्षद सह सशक्त स्थायी समिति सदस्य एवं भाजपा नेता मनोज कुमार ने मेयर वीरेंद्र कुमार उर्फ गणेश पासवान तथा नगर आयुक्त डॉ. गगन कुमार को अंगवस्त्र एवं भगवान श्रीविष्णु का चरण चिह्न भेंटकर सम्मानित किया। इसके बाद मेयर, नगर आयुक्त, वार्ड पार्षद मनोज कुमार एवं पूर्व पार्षद किरण देवी ने विधि-विधान से कन्याओं का पूजन किया। सभी ने अपने हाथों से कन्याओं को भोजन कराया और उनका आशीर्वाद प्राप्त किया। इस मौके पर मेयर वीरेंद्र कुमार उर्फ गणेश पासवान ने कहा कि भारतीय संस्कृति में कन्याओं को देवी का स्वरूप माना गया है। कन्या पूजन हमारी धार्मिक परंपरा और आस्था का प्रतीक है। ऐसे आयोजनों से समाज में सेवा, संस्कार और धार्मिक भावना को बढ़ावा मिलता है। वहीं, नगर आयुक्त डॉ. गगन कुमार ने कहा कि भारतीय संस्कृति में पर्व-त्योहारों का विशेष महत्व है। कन्या पूजन के माध्यम से नारी शक्ति के सम्मान और सामाजिक समरसता का संदेश मिलता है। मौके पर वार्ड पार्षद मनोज कुमार ने कहा कि कुर्मी टोला देवी स्थान में यह कार्यक्रम लगातार आठ वर्षों से आयोजित किया जा रहा है। अक्षय नवमी के अवसर पर भूरादान करने के साथ कुमारी कन्याओं के चरण धोकर विधि-विधान से पूजन एवं आरती की गई। इसके बाद उन्हें श्रद्धापूर्वक भोजन एवं प्रसाद ग्रहण कराया गया। भंडारे में कन्याओं ने प्रसाद ग्रहण किया। वहीं, बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की मौजूदगी से आयोजन स्थल पर उत्सवी माहौल बना रहा। इस अवसर पर मंदिर के पुजारी जितेंद्र पांडे, विनेश राव, महेंद्र प्रसाद, मिथुन कुमार, गुड्डू कुमार, झुन्नु प्रसाद, गौतम कुमार,धर्मेंद्र कुमार शंभू, अजय, मिलन, चिंतामणि, पिंकू, दिनेश राव,रिशु राव, लक्ष्मण राव,सनोज कुमार ,विकास, आकाश, प्रीतम कुमार, एवं राजेश कुमार सहित अन्य लोग मौजूद थे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0




