Jharkhand Foundation Day: स्थापना पखवाड़ा के चौथे दिन रोजगार और आवास पर जोर, 5,810 मजदूरों को मिला काम, 180 युवाओं को नौकरी की उम्मीद
रांची: झारखंड राज्य स्थापना दिवस पखवाड़ा-2026 के चौथे दिन बुधवार को राज्यभर में विकास, रोजगार, शिक्षा और जनजागरूकता से जुड़े कई कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस दौरान ग्रामीण परिवारों को आवास का लाभ देने, युवाओं को रोजगार से जोड़ने और महिलाओं एवं किशोरियों को सशक्त बनाने पर विशेष जोर दिया गया।
रांची: झारखंड राज्य स्थापना दिवस पखवाड़ा-2026 के चौथे दिन बुधवार को राज्यभर में विकास, रोजगार, शिक्षा और जनजागरूकता से जुड़े कई कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस दौरान ग्रामीण परिवारों को आवास का लाभ देने, युवाओं को रोजगार से जोड़ने और महिलाओं एवं किशोरियों को सशक्त बनाने पर विशेष जोर दिया गया।
राज्य सरकार की ओर से आयोजित इन कार्यक्रमों के तहत सिमडेगा में 5,810 मजदूरों को रोजगार उपलब्ध कराया गया, जबकि सरायकेला-खरसावां में आयोजित रोजगार मेले में 180 अभ्यर्थियों को शॉर्टलिस्ट किया गया। वहीं, विभिन्न जिलों में सैकड़ों परिवारों को नए आवास की सौगात मिली।
सिमडेगा में 5,810 मजदूरों को रोजगार
स्थापना पखवाड़ा के तहत सिमडेगा जिले में विकसित भारत-जी राम जी योजना के अंतर्गत 5,810 मजदूरों को रोजगार उपलब्ध कराया गया। इससे 6,280 मानव दिवस का सृजन हुआ। जिले की सभी 94 पंचायतों में ग्राम सभाएं आयोजित की गईं, जिनमें विकास योजनाओं के लिए 671 आवेदन प्राप्त हुए।
आवास योजना के तहत जिले में 61 परिवारों को गृह प्रवेश कराया गया। इनमें प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के 59 और अबुआ आवास योजना के दो लाभुक शामिल हैं।
रोजगार मेले में 180 अभ्यर्थी शॉर्टलिस्ट
सरायकेला-खरसावां जिले के चांडिल स्थित मॉडल कैरियर सेंटर में रोजगार मेले का आयोजन किया गया। इसमें 11 नियोजक संस्थानों ने हिस्सा लिया। 800 से अधिक रिक्तियों के लिए आयोजित साक्षात्कार के बाद 180 अभ्यर्थियों को शॉर्टलिस्ट किया गया।
वहीं, आवास योजना के तहत कोडरमा में 135 और सरायकेला-खरसावां में 93 परिवारों को नए घर में प्रवेश कराया गया। सरायकेला में 15 से 18 नवंबर के बीच कुल 534 परिवारों को नए आवास मिले।
डेयरी से महिलाओं को स्वरोजगार का अवसर
सिमडेगा में जिला स्तरीय डेयरी मेला-सह-पशु प्रदर्शनी आयोजित की गई। कार्यक्रम में नौ महिला लाभुकों के बीच 13 दुधारू गायों का वितरण किया गया। इसका उद्देश्य महिलाओं को डेयरी व्यवसाय से जोड़कर उनकी आमदनी बढ़ाना और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करना है।
16,907 स्कूलों में आयोजित हुई क्विज प्रतियोगिता
शिक्षा और प्रतिभा को प्रोत्साहित करने के लिए राज्य के 16,907 सरकारी विद्यालयों में झारखंड के इतिहास, संस्कृति, महापुरुषों और आंदोलनकारियों पर आधारित क्विज प्रतियोगिता आयोजित की गई। इसमें 9,85,687 छात्र-छात्राओं और 45,592 शिक्षकों ने हिस्सा लिया।
इसके अलावा गिरिडीह, कोडरमा और गुमला में क्विज, निबंध, चित्रकला एवं वाद-विवाद प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया।
महिला और किशोरियों के सशक्तिकरण पर जोर
कोडरमा, गुमला और सरायकेला-खरसावां में किशोरियों को स्वास्थ्य, पोषण, एनीमिया से बचाव, स्वच्छता और शिक्षा के प्रति जागरूक किया गया। साथ ही सावित्रीबाई फुले किशोरी समृद्धि योजना के बारे में जानकारी देने और आवेदन में सहायता करने पर भी जोर दिया गया।
स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण के लिए अभियान
स्थापना पखवाड़ा के तहत गिरिडीह में स्टेडियम परिसर में श्रमदान और स्वच्छता अभियान चलाया गया। कोडरमा के नगर निकायों में सफाई अभियान के साथ विभिन्न पंचायतों में पौधरोपण किया गया। वहीं, गुमला में 'हर आवास एक पेड़' अभियान के तहत लाभुकों के घरों के आसपास पौधे लगाए गए।
इसके अलावा कोडरमा में पशुपालकों के लिए स्वास्थ्य जांच एवं जागरूकता शिविर आयोजित किए गए। इसमें पशुओं की निःशुल्क जांच, दवाइयां और मिनरल मिक्सचर उपलब्ध कराया गया।
स्थापना पखवाड़ा के चौथे दिन आयोजित इन गतिविधियों के जरिए सरकार ने रोजगार सृजन, ग्रामीण विकास, महिला सशक्तिकरण, शिक्षा और पर्यावरण संरक्षण को प्राथमिकता देते हुए विकसित झारखंड के निर्माण का संदेश दिया।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0




