झारखंड में इबोला को लेकर स्वास्थ्य विभाग अलर्ट, RIMS समेत सभी अस्पतालों को सख्त निर्देश
रांची: झारखंड में इबोला वायरस के संभावित खतरे को देखते हुए राज्य सरकार सतर्क हो गई है। हालांकि, राज्य में अब तक इबोला संक्रमण का कोई पुष्ट मामला सामने नहीं आया है, लेकिन एहतियात के तौर पर स्वास्थ्य विभाग को अलर्ट मोड पर रखा गया है। स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने बुधवार को विभाग के वरीय अधिकारियों के साथ उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक कर तैयारियों का जायजा लिया। बैठक के बाद RIMS समेत राज्य के सभी मेडिकल कॉलेजों, सदर अस्पतालों और अन्य स्वास्थ्य संस्थानों को विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं।
रांची: झारखंड में इबोला वायरस के संभावित खतरे को देखते हुए राज्य सरकार सतर्क हो गई है। हालांकि, राज्य में अब तक इबोला संक्रमण का कोई पुष्ट मामला सामने नहीं आया है, लेकिन एहतियात के तौर पर स्वास्थ्य विभाग को अलर्ट मोड पर रखा गया है। स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने बुधवार को विभाग के वरीय अधिकारियों के साथ उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक कर तैयारियों का जायजा लिया। बैठक के बाद RIMS समेत राज्य के सभी मेडिकल कॉलेजों, सदर अस्पतालों और अन्य स्वास्थ्य संस्थानों को विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं।
एयरपोर्ट, रेलवे स्टेशन और बस स्टैंड पर होगी निगरानी
स्वास्थ्य मंत्री ने अधिकारियों को भारत सरकार की ओर से जारी इबोला संबंधी गाइडलाइन का पूरी तरह पालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है। एयरपोर्ट, रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड और अन्य भीड़भाड़ वाले सार्वजनिक स्थानों पर संबंधित एजेंसियों के समन्वय से निगरानी और जरूरत के अनुसार स्क्रीनिंग की व्यवस्था करने को कहा गया है।
निर्देश दिया गया है कि किसी यात्री में संक्रमण के संदिग्ध लक्षण या जोखिमपूर्ण यात्रा का इतिहास सामने आने पर निर्धारित स्वास्थ्य प्रोटोकॉल के तहत जांच और चिकित्सकीय कार्रवाई की जाए। सभी जिलों के सिविल सर्जनों को भी अपने-अपने क्षेत्रों में तैयारियों की नियमित समीक्षा करने को कहा गया है। किसी संदिग्ध मरीज की सूचना मिलने पर तत्काल रिपोर्टिंग, जांच, आइसोलेशन और इलाज की व्यवस्था सुनिश्चित करनी होगी।
अस्पतालों में आइसोलेशन वार्ड और PPE किट रखने का निर्देश
स्वास्थ्य मंत्री ने RIMS, सभी मेडिकल कॉलेजों और सदर अस्पतालों में आवश्यक आइसोलेशन वार्ड, PPE किट, सुरक्षा उपकरण और मेडिकल संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा है। इसके साथ ही डॉक्टरों, नर्सों और अन्य स्वास्थ्यकर्मियों को संक्रमण नियंत्रण और मरीजों की सुरक्षित देखभाल के लिए प्रशिक्षित करने का निर्देश दिया गया है।
संदिग्ध मरीजों के सैंपल सुरक्षित तरीके से निर्धारित रेफरेंस लैब में भेजने और राज्य के सभी 24 जिलों में 24 घंटे निगरानी, सूचना के आदान-प्रदान तथा रिपोर्टिंग की व्यवस्था मजबूत करने को कहा गया है। गौरतलब है कि रांची स्थित RIMS में 12 नवंबर को इबोला से निपटने की तैयारियों को लेकर मॉक ड्रिल भी आयोजित की गई थी।
क्या हैं इबोला वायरस के लक्षण?
स्वास्थ्य मंत्री ने बताया कि इबोला वायरस डिजीज एक गंभीर संक्रामक बीमारी है। संक्रमण के बाद सामान्यतः 2 से 21 दिनों के भीतर इसके लक्षण दिखाई दे सकते हैं। शुरुआती लक्षणों में अचानक तेज बुखार, सिरदर्द, मांसपेशियों में दर्द, अत्यधिक कमजोरी और थकान शामिल हैं।
बीमारी गंभीर होने पर उल्टी, दस्त, पेट में दर्द और कुछ मामलों में शरीर के विभिन्न हिस्सों से रक्तस्राव भी हो सकता है। इबोला मुख्य रूप से संक्रमित व्यक्ति के खून और शरीर के अन्य संक्रमित तरल पदार्थों के सीधे संपर्क में आने से फैलता है। संक्रमित व्यक्ति के शरीर के तरल पदार्थों से दूषित वस्तुओं के संपर्क में आने से भी संक्रमण हो सकता है। यह सामान्य सर्दी-जुकाम की तरह हवा से नहीं फैलता है।
लोगों से घबराने नहीं, सतर्क रहने की अपील
स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने आम लोगों से इबोला को लेकर घबराने और अफवाहों पर ध्यान देने के बजाय सतर्क रहने की अपील की है। उन्होंने कहा कि जनता की सुरक्षा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। झारखंड में फिलहाल संक्रमण का कोई पुष्ट मामला नहीं मिला है, लेकिन संभावित खतरे को देखते हुए सरकार किसी भी तरह की लापरवाही नहीं बरतना चाहती।
उन्होंने लोगों को नियमित रूप से हाथों की सफाई रखने और किसी संदिग्ध लक्षण या संक्रमण के जोखिम की स्थिति में तत्काल चिकित्सकीय सलाह लेने की अपील की है। स्वास्थ्य मंत्री ने स्पष्ट किया कि राज्य सरकार और स्वास्थ्य विभाग किसी भी संभावित स्थिति से निपटने के लिए तैयारियां मजबूत कर रहे हैं।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0




