गंगवारा में एक ही भवन में चलेंगे दो अस्पताल, सदर अस्पताल को कैबिनेट की मंजूरी; DMCH का दबाव होगा कम

दरभंगा/पटना: बिहार के दरभंगा जिले में स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने के लिए राज्य सरकार ने बड़ा फैसला लिया है। गंगवारा स्थित 100 शय्या वाले अस्पताल भवन के आधे हिस्से में अब सदर अस्पताल का संचालन किया जाएगा। इस प्रस्ताव को राज्य मंत्रिपरिषद ने मंजूरी दे दी है। इससे स्थानीय मरीजों को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं मिलेंगी और दरभंगा मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (DMCH) पर मरीजों का दबाव कम करने में मदद मिलेगी।

Nov 19, 2026 - 16:33

योजना के तहत अस्पताल भवन के दाहिने हिस्से में होमी भाभा कैंसर अस्पताल एवं अनुसंधान केंद्र, मुजफ्फरपुर के माध्यम से सिर, मुंह और गर्दन के कैंसर का इलाज जारी रहेगा। वहीं, भवन के बाएं हिस्से में सदर अस्पताल संचालित होगा। दोनों अस्पतालों के संचालन के लिए भवन को आपसी सहमति से दो हिस्सों में विभाजित किया जाएगा।

2019 में मिली थी 100 बेड के अस्पताल भवन को मंजूरी

गंगवारा में 100 शय्या वाले सदर अस्पताल भवन के निर्माण को 20 नवंबर 2019 को प्रशासनिक स्वीकृति मिली थी। बाद में कैंसर मरीजों को विशेषज्ञ चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से 8 जनवरी 2024 को मंत्रिपरिषद ने इस भवन को उपकरणों सहित 10 वर्षों के लिए होमी भाभा कैंसर अस्पताल एवं अनुसंधान केंद्र, मुजफ्फरपुर को सौंपने की मंजूरी दी थी। इसके लिए 7 मार्च 2024 को स्वास्थ्य विभाग और संस्थान के बीच समझौता ज्ञापन (MoU) पर हस्ताक्षर हुए थे। भवन का स्वामित्व राज्य सरकार के पास ही रहेगा।

DMCH पर मरीजों का दबाव होगा कम

फिलहाल दरभंगा जिले के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों और अनुमंडलीय अस्पतालों से गंभीर मरीजों को सीधे DMCH रेफर किया जाता है। इनमें उच्च जोखिम वाली गर्भावस्था, दुर्घटना और हृदयाघात जैसे मामले शामिल हैं। इससे DMCH पर मरीजों का अतिरिक्त दबाव पड़ता है।

गंगवारा में सदर अस्पताल शुरू होने से जिला स्तर पर द्वितीयक चिकित्सा सेवाएं मजबूत होंगी। मरीजों को स्थानीय स्तर पर इलाज की सुविधा मिलेगी और अनावश्यक रेफरल में कमी आने की उम्मीद है।

अस्पताल संचालन पर खर्च होंगे 2 करोड़ रुपये

स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, वित्तीय वर्ष 2026-27 में सदर अस्पताल के संचालन पर करीब 2 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है। अस्पताल में निर्धारित मानकों के अनुसार चिकित्सकों, पारामेडिकल और अन्य कर्मियों के पदों का सृजन और पदस्थापन किया जाएगा। तब तक स्वास्थ्य विभाग की ओर से प्रतिनियुक्त कर्मियों के माध्यम से अस्पताल का संचालन होगा।

सात निश्चय-3 के तहत स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार

राज्य सरकार सात निश्चय-3 के तहत 'सुलभ स्वास्थ्य-सुरक्षित जीवन' के लक्ष्य को लेकर जिला अस्पतालों को मजबूत करने और सुपर स्पेशियलिटी सुविधाओं के विस्तार पर जोर दे रही है। गंगवारा में सदर अस्पताल और कैंसर अस्पताल का एक ही भवन में संचालन इसी योजना का हिस्सा है। इससे दरभंगा के साथ आसपास के जिलों के मरीजों को भी बेहतर चिकित्सा सुविधाएं मिलने की उम्मीद है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0