महागामा के 100 युवाओं को मिलेगी IAS-IPS बनने की मुफ्त कोचिंग, ‘प्रियदर्शिनी प्रतिभा योजना’ का शुभारंभ
गोड्डा: झारखंड के महागामा विधानसभा क्षेत्र के युवाओं के लिए सिविल सेवा में जाने का सपना अब साकार करने का नया अवसर मिला है। महागामा में बुधवार को ‘प्रियदर्शिनी प्रतिभा योजना’ की शुरुआत की गई। इस योजना के तहत चयनित 100 युवाओं को IAS, IPS, IRS और IFS समेत अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं की निःशुल्क तैयारी कराई जाएगी। योजना का शुभारंभ भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की जयंती के अवसर पर महागामा के गोविंदपुर में किया गया।
गोड्डा: झारखंड के महागामा विधानसभा क्षेत्र के युवाओं के लिए सिविल सेवा में जाने का सपना अब साकार करने का नया अवसर मिला है। महागामा में बुधवार को ‘प्रियदर्शिनी प्रतिभा योजना’ की शुरुआत की गई। इस योजना के तहत चयनित 100 युवाओं को IAS, IPS, IRS और IFS समेत अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं की निःशुल्क तैयारी कराई जाएगी। योजना का शुभारंभ भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की जयंती के अवसर पर महागामा के गोविंदपुर में किया गया।
त्विषा फाउंडेशन के प्रायोजन और अयांश द सिविल सर्विसेज के सहयोग से शुरू की गई इस पहल का उद्घाटन गोड्डा के उप विकास आयुक्त (DDC) वीएस यशवंत सहित अन्य गणमान्य अतिथियों ने किया। इस योजना का उद्देश्य ग्रामीण और आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के प्रतिभाशाली युवाओं को सिविल सेवा परीक्षाओं की तैयारी के लिए बेहतर अवसर उपलब्ध कराना है।
700 युवाओं ने किया था आवेदन, 100 का हुआ चयन
प्रियदर्शिनी प्रतिभा योजना के लिए चयन प्रक्रिया कई चरणों में पूरी की गई। 25 जुलाई से 5 अगस्त के बीच महागामा विधानसभा क्षेत्र के 10 से 15 स्कूलों और कॉलेजों में सेमिनार, काउंसलिंग और जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए थे। योजना से जुड़ने के लिए कुल 700 युवाओं ने आवेदन किया। इनमें से 500 अभ्यर्थी 16 अगस्त को आयोजित चयन परीक्षा में शामिल हुए।
25 अगस्त को परीक्षा का परिणाम जारी किया गया, जबकि 7 से 14 सितंबर के बीच चयनित अभ्यर्थियों का इंटरव्यू लिया गया। पूरी चयन प्रक्रिया के बाद 100 युवाओं को निःशुल्क कोचिंग के लिए चुना गया है। अब इन विद्यार्थियों को अनुभवी शिक्षकों के मार्गदर्शन में सिविल सेवा सहित अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कराई जाएगी।
शिक्षा में निरंतरता ही सफलता का मंत्र: वीएस यशवंत
उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए DDC वीएस यशवंत ने युवाओं को लक्ष्य निर्धारित कर निरंतर पढ़ाई करने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि परीक्षा से घबराने की जरूरत नहीं है। यह अपनी प्रतिभा और क्षमता को साबित करने का अवसर है। सफलता के लिए लक्ष्य के प्रति स्पष्टता, अनुशासन, आत्मविश्वास और निरंतर मेहनत जरूरी है।
उन्होंने कहा कि जीवन में कई बार चुनौतियां आएंगी और परिणाम उम्मीद के अनुरूप नहीं होंगे, लेकिन युवाओं को अपने लक्ष्य से पीछे नहीं हटना चाहिए। मेहनत और दृढ़ संकल्प के साथ लगातार प्रयास करने से सफलता जरूर मिलेगी।
अब महागामा में ही मिलेगी सिविल सेवा की तैयारी
राज्य की ग्रामीण विकास, ग्रामीण कार्य एवं पंचायती राज मंत्री सह महागामा विधायक दीपिका पांडेय सिंह की पहल और दूरगामी सोच के तहत इस योजना को शुरू किया गया है। इसके माध्यम से महागामा के युवाओं को सिविल सेवा की तैयारी के लिए बड़े शहरों का रुख करने की मजबूरी कम होगी। राष्ट्रीय स्तर पर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कराने वाले अनुभवी शिक्षकों का मार्गदर्शन मिलने से ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थियों को भी बेहतर तैयारी का अवसर मिलेगा।
चयनित विद्यार्थियों ने जताई खुशी
योजना के शुभारंभ के दौरान चयनित विद्यार्थियों में खासा उत्साह देखने को मिला। ज्योति श्वेतलाना मरांडी, छोटी सिमरन, आयशा फिरदौस, अंजलि सिन्हा, करुणा केशरी और सानू कुमार शर्मा समेत अन्य विद्यार्थियों ने अपने विचार साझा किए।
विद्यार्थियों ने कहा कि आर्थिक परिस्थितियों के कारण बड़े शहरों में सिविल सेवा की महंगी कोचिंग लेना उनके परिवारों के लिए संभव नहीं था। ऐसे में अपने ही क्षेत्र में निःशुल्क कोचिंग मिलने से उनका अधिकारी बनने का सपना पूरा करने का रास्ता आसान हुआ है। उन्होंने इस अवसर का पूरा लाभ उठाकर सफल होने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में महागामा एसडीओ आलोक वरण केसरी, एसडीपीओ वरुण रजक, सीओ डॉ. खगेन महतो, बीडीओ सोनाराम हांसदा, अयांश के निदेशक राहुल कुमार एवं प्रियंका, जवाहर नवोदय विद्यालय की प्राचार्य हेनाफख, इंटर कॉलेज महागामा के प्राचार्य विभूति रंजन, सेंट माइकल स्कूल के प्राचार्य बीजू कंकल सहित कई जनप्रतिनिधि और गणमान्य लोग मौजूद रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0




