Jharkhand SIR: ड्राफ्ट वोटर लिस्ट से नाम हटाने से पहले होगा घर-घर सत्यापन, CEO के. रवि कुमार ने BLO को लगाई फटकार
रांची: झारखंड में विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के तहत मतदाता सूची को लेकर निर्वाचन विभाग ने अपनी सक्रियता बढ़ा दी है। बुधवार को राज्यभर के मतदान केंद्रों पर आयोजित ‘एक और अवसर’ कैंप के दौरान मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार ने रांची के हटिया विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने ASDD सूची में शामिल और दो बार नोटिस दिए जाने के बावजूद दस्तावेज जमा नहीं करने वाले मतदाताओं के घर पहुंचकर भौतिक सत्यापन की प्रक्रिया का जायजा लिया।

डोर-टू-डोर सत्यापन में मिली लापरवाही
निरीक्षण के दौरान मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने पाया कि कई इलाकों में घर-घर सत्यापन का काम संतोषजनक तरीके से नहीं किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि अभी भी कई मतदाताओं के पास जरूरी दस्तावेज उपलब्ध हैं, लेकिन BLO और संबंधित पदाधिकारी उनसे संपर्क कर दस्तावेज प्राप्त करने में अपेक्षित गंभीरता नहीं दिखा रहे हैं।
उन्होंने स्पष्ट किया कि जानकारी के अभाव में किसी भी पात्र भारतीय नागरिक का नाम मतदाता सूची में शामिल होने से नहीं छूटना चाहिए। मतदाताओं को जरूरी दस्तावेजों और प्रक्रिया की जानकारी देने के साथ उन्हें सहयोग भी उपलब्ध कराया जाए।
18 साल पूरे करने वाले युवाओं का नाम जोड़ने पर जोर
निरीक्षण के दौरान के. रवि कुमार ने युवा मतदाताओं और आम नागरिकों से बातचीत कर यह जानकारी ली कि उनका नाम मतदाता सूची में दर्ज है या नहीं। इस दौरान कई ऐसे युवा भी मिले, जिनकी उम्र 18 वर्ष पूरी हो चुकी है, लेकिन उनका नाम अभी तक मतदाता सूची में शामिल नहीं हुआ है।
इस पर उन्होंने राज्य के सभी इलेक्टोरल लिटरेसी क्लब (ELC) को विशेष जागरूकता अभियान चलाने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि युवाओं को मतदाता सूची में नाम जुड़वाने के लिए जागरूक किया जाए और विशेष कैंप लगाकर पात्र युवाओं का पंजीकरण सुनिश्चित किया जाए।
बिना सत्यापन और कारणयुक्त आदेश के नहीं हटेगा नाम
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार ने स्पष्ट किया कि ड्राफ्ट मतदाता सूची में शामिल किसी भी मतदाता को अंतिम सूची से अपात्र घोषित कर हटाने से पहले निर्धारित प्रक्रिया पूरी करना अनिवार्य है। इसके तहत घर-घर जाकर सत्यापन और निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी (ERO) के स्तर से कारणयुक्त आदेश जारी करना जरूरी होगा।
उन्होंने कहा कि प्रत्येक मामले में उपलब्ध दस्तावेजों और निर्धारित वैकल्पिक सत्यापन प्रक्रियाओं की जांच की जा रही है, ताकि कोई भी पात्र भारतीय नागरिक मतदाता सूची में शामिल होने से वंचित न रहे।
निरीक्षण के दौरान हटिया विधानसभा क्षेत्र के निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी, सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी, संबंधित मतदान केंद्रों के BLO और BLO सुपरवाइजर मौजूद रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0