पुस्तकों का अध्ययन अंधकार से प्रकाश की ओर ले जाता है : डॉ. मो. अली हुसैन
मिर्जा गालिब कॉलेज में दो दिवसीय कार्यक्रम के दौरान विभिन्न प्रतियोगिताओं का हुआ आयोजन, विद्यार्थियों ने दिखाई प्रतिभा
गयाजी । शहर के प्रतिष्ठित अल्पसंख्यक शिक्षण संस्थान मिर्जा गालिब कॉलेज में अकादमिक गतिविधियों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से पुस्तकालय विज्ञान विभाग की ओर से 19 एवं 20 नवंबर को दो दिवसीय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों के बीच विभिन्न शैक्षणिक एवं रचनात्मक प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। इस अवसर पर कॉलेज के प्राचार्य डॉ. मो. अली हुसैन ने कहा कि पुस्तकों का अध्ययन मनुष्य को अंधकार से प्रकाश की ओर ले जाता है। पुस्तकें हमें जीवन जीने की कला सिखाती हैं। पुस्तकें केवल परीक्षा उत्तीर्ण करने का माध्यम नहीं हैं, बल्कि उनमें समाहित ज्ञान हमारे जीवन को प्रकाशित करने के साथ-साथ सही दिशा भी प्रदान करता है। वहीं, शासी निकाय के सचिव शकील अहमद खान ने कार्यक्रम की सराहना करते हुए अपनी शुभकामनाएं दीं तथा इस तरह के शैक्षणिक आयोजनों को निरंतर आयोजित करने पर बल दिया। कार्यक्रम के तहत बुक रिव्यू, पोस्टर मेकिंग, स्लोगन राइटिंग, वाद-विवाद एवं लाइब्रेरी सामान्य ज्ञान प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। प्रतियोगिताओं में निर्णायक की भूमिका पुस्तकालयाध्यक्ष उत्पल कांत सिंह एवं बुशरा करीम ने निभाई। बुक रिव्यू प्रतियोगिता में शालीना कुमारी ने प्रथम, अभिषेक कुमार ने द्वितीय तथा मनीष कुमार ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिता में सना नाहिद प्रथम, मारिया किबतिया द्वितीय तथा शालीना कुमारी तृतीय स्थान पर रहीं। वहीं, स्लोगन राइटिंग प्रतियोगिता में मुबस्शिर असद खान ने प्रथम, अफसरीन परवीन ने द्वितीय तथा अंजलि सिन्हा ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। कार्यक्रम के अंत में डॉ. प्रियंका कुमारी ने धन्यवाद ज्ञापन किया। कार्यक्रम का सफल संचालन पुस्तकालय विभाग की बी.लिस. समन्वयक डॉ. इरफाना नाहिद ने किया। इस अवसर पर विभिन्न विभागों के शिक्षक एवं शिक्षकेतर कर्मचारी उपस्थित रहे। शिक्षकेतर कर्मियों में राशिद अली, मेहंदी हसन, हंजला अफरोज, मुजम्मिल अली एवं फोजैलुर रहमान खान सहित अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0




