बिहार में पहली बार होगा तलवारबाजी विश्व कप का आयोजन, जनवरी 2027 में राजगीर जुटेंगे 28 देशों के खिलाड़ी

पटना: बिहार अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों के क्षेत्र में एक बड़ी उपलब्धि हासिल करने जा रहा है। जनवरी 2027 के तीसरे सप्ताह में राजगीर में कैडेट और जूनियर बालक-बालिका तलवारबाजी विश्व कप का आयोजन किया जाएगा। इस अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में 25 से 28 देशों के खिलाड़ियों के शामिल होने की संभावना है। बिहार में पहली बार तलवारबाजी विश्व कप का आयोजन होने जा रहा है।

Nov 20, 2026 - 11:00

बिहार राज्य खेल प्राधिकरण के महानिदेशक सह मुख्य कार्यकारी अधिकारी रवीन्द्रण शंकरण ने इसकी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि एशियाई तलवारबाजी महासंघ के महासचिव एवं भारतीय तलवारबाजी महासंघ के अध्यक्ष राजीव मेहता ने बिहार का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने खेल मंत्री श्रेयसी सिंह से मुलाकात कर राज्य में तलवारबाजी के विकास और विस्तार पर चर्चा की। इसके बाद पाटलिपुत्र खेल परिसर, कंकड़बाग में भी इस संबंध में विस्तृत बैठक हुई।

बैठक में जनवरी 2027 के तीसरे सप्ताह में राजगीर में विश्व कप आयोजित करने पर सहमति बनी। प्रतियोगिता में 25 से 28 देशों के खिलाड़ियों के हिस्सा लेने की उम्मीद है। इससे बिहार को अंतरराष्ट्रीय खेल जगत में नई पहचान मिलने के साथ राज्य के खिलाड़ियों को विश्वस्तरीय प्रतियोगिता का अनुभव प्राप्त होगा।

राजगीर में बनेगा तलवारबाजी का सेंटर ऑफ एक्सीलेंस

बैठक में राजगीर में तलवारबाजी के लिए सेंटर ऑफ एक्सीलेंस स्थापित करने पर भी चर्चा हुई। इसके माध्यम से खिलाड़ियों को आधुनिक खेल सुविधाएं और बेहतर प्रशिक्षण उपलब्ध कराया जाएगा।

इसके अलावा बिहार में तलवारबाजी को जमीनी स्तर पर मजबूत बनाने के लिए नई खेल प्रतिभाओं की पहचान, प्रशिक्षकों को बेहतर प्रशिक्षण और तकनीकी अधिकारियों की क्षमता बढ़ाने की योजना बनाई गई है। इसके लिए कार्यशालाएं भी आयोजित की जाएंगी।

इन योजनाओं को बिहार राज्य खेल प्राधिकरण और भारतीय तलवारबाजी महासंघ आपसी सहयोग से आगे बढ़ाएंगे। इसका उद्देश्य राज्य में तलवारबाजी का मजबूत आधार तैयार करना और खिलाड़ियों को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रतिस्पर्धा के लिए तैयार करना है।

इस अवसर पर भारतीय तलवारबाजी महासंघ के अध्यक्ष राजीव मेहता ने खेल मंत्री श्रेयसी सिंह और बिहार राज्य खेल प्राधिकरण के महानिदेशक रवीन्द्रण शंकरण को स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया। वहीं, रवीन्द्रण शंकरण ने उन्हें बोधिवृक्ष का पौधा भेंट किया। कार्यक्रम में गुजरात तलवारबाजी संघ के महासचिव भरत भी मौजूद रहे।

राजगीर में तलवारबाजी विश्व कप का आयोजन और सेंटर ऑफ एक्सीलेंस की स्थापना की पहल से बिहार में इस खेल को नई दिशा मिलने की उम्मीद है। इससे राज्य की उभरती प्रतिभाओं को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाने का अवसर मिलेगा।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0